मनोरंजन

'आज भी परिवार के साथ फिल्म देखने की है परंपरा', सूरज बड़जात्या की फिल्म को लेकर बोले स्वानंद किरकिरे

jantaserishta.com
18 Nov 2026 11:43 AM IST
आज भी परिवार के साथ फिल्म देखने की है परंपरा, सूरज बड़जात्या की फिल्म को लेकर बोले स्वानंद किरकिरे
x
मुंबई: राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता स्वानंद किरकिरे जल्द ही सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में नजर आएंगे। उनका कहना है कि आज के दौर में हर कोई अपनी पसंद और सुविधा के हिसाब से अकेले फिल्में और वेब सीरीज देखना पसंद करता है। ऐसे में जब पूरे परिवार के साथ सिनेमाघर जाकर फिल्म देखने का मौका मिलेगा, तो ये अनुभव और भी खास हो जाएगा।
स्वानंद ने परिवार के साथ फिल्में देखने के पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि वह ऐसे दौर में बड़े हुए हैं, जब फिल्म देखना पूरे परिवार का अनुभव हुआ करता था। उनके लिए इस परंपरा से जुड़ना बेहद खास है।
उन्होंने कहा, ''मैं ऐसे दौर में बड़ा हुआ हूं, जब फिल्म देखना पूरे परिवार का अनुभव हुआ करता था। आप सब साथ में सिनेमाघर जाते थे, एक साथ कहानी का आनंद लेते थे और उन भावनाओं को अपने साथ घर लेकर आते थे। ऐसी परंपरा का हिस्सा बनना, जो इस एहसास को खास मानती है, मेरे लिए बहुत मायने रखता है।''
उन्होंने कहा, ''सूरज बड़जात्या की फिल्मों की खासियत भी यही रही है कि उनकी कहानियां परिवार, रिश्तों और भावनाओं के इर्द-गिर्द घूमती हैं। उनकी फिल्मों में दर्शकों को अपने परिवार और निजी जिंदगी की झलक देखने को मिलती है। यही वजह है कि उनकी फिल्में हर उम्र के दर्शकों से जुड़ाव बना पाती हैं।''
'ये प्रेम मोल लिया' को लेकर स्वानंद ने कहा कि वह चाहते हैं कि यह फिल्म परिवारों को एक बार फिर साथ में सिनेमाघर आने की वजह दे। उन्होंने कहा, ''मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म परिवारों को थिएटर में एक साथ आने का मौका देगी। अपने पसंदीदा लोगों के साथ बड़े पर्दे पर हंसी, भावनाएं और खूबसूरत पल साझा करने में कुछ अलग ही बात है। यही सामूहिक अनुभव सिनेमा को खास बनाता है।''
'ये प्रेम मोल लिया' एक रोमांटिक फैमिली ड्रामा फिल्म है, जिसका निर्देशन सूरज बड़जात्या कर रहे हैं। फिल्म में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके अलावा अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन, शाद रंधावा और स्वानंद किरकिरे भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म का निर्माण राजश्री प्रोडक्शंस ने महावीर जैन फिल्म्स के साथ मिलकर किया है। फिल्म का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है। यह फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story