मनोरंजन
मेरे लिए बेहद खास ‘तू धड़कन मैं दिल’ की कहानी : सौरभ राज जैन
jantaserishta.com
23 Jun 2025 4:39 PM IST

x
मुंबई: अभिनेता सौरभ राज जैन जल्द ही नए टीवी शो ‘तू धड़कन मैं दिल’ में ‘राघव’ के किरदार में नजर आएंगे। उन्होंने बताया कि शो के किरदार से काफी कुछ सीखने को मिला। पिता और बेटी के बदलते रिश्ते की कहानी को सौरभ ने अपने लिए बेहद खास बताया।
शो में अपने किरदार ‘राघव’ के बारे में सौरभ ने बताया, “मैं खुद एक पिता हूं, इसलिए यह कहानी मेरे लिए बहुत खास है और भावनात्मक रूप से मुझसे जुड़ी हुई है। माता-पिता से उसके बच्चे का रिश्ता अनमोल होता है, जिसकी झलक शो की कहानी में भी है। शो में ‘राघव’ एक ऐसा व्यक्ति है, जो रोजमर्रा की जिंदगी में व्यस्त है और समाज से काफी अलग-थलग और भावनाओं को जल्दी व्यक्त नहीं करने वाला है। लेकिन, जब उसकी बेटी जिंदगी में आती है, तो सब कुछ बदल जाता है।"
सौरभ ने बताया, “राघव एक सफल व्यक्ति है, लेकिन भावनात्मक रूप से ओपन नहीं है। उसकी बेटी उसके जीवन में बदलाव लाती है। वह उसे फिर से महसूस करने, भावनाओं को व्यक्त करने और इंसानियत को समझने में मदद करती है। इस किरदार का यह भावनात्मक बदलाव मुझे बहुत पसंद है।”
सौरभ का मानना है कि राघव उनके निभाए पहले के किरदारों से बिल्कुल अलग है। उन्होंने बताया, “वह न तो बुरा है और न ही टिपिकल रोमांटिक हीरो। मुझे उसके किरदार की बारीकियां और रॉकस्टार लुक पसंद हैं। राघव नारियल की तरह है, बाहर से सख्त, अंदर से नरम। उसका किरदार वास्तविक और कमियों से भरा है, जो उसे आज के दर्शकों से जोड़ता है।”
इस शो में सौरभ राज जैन के साथ कविता घई, अश्मिता जागी और स्वाति शर्मा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सौरभ ‘महाभारत’ में कृष्ण, ‘देवों के देव... महादेव’ में विष्णु और ‘महाकाली- अंत ही आरंभ है’ में शिव का किरदार निभाकर दर्शकों के बीच खास पहचान बनाने में सफल रहे। उनके अन्य उल्लेखनीय शो में ‘कसम से’, ‘उतरन’, ‘चंद्रगुप्त मौर्य’ और ‘पटियाला बेब्स’ शामिल हैं। सौरभ ‘नच बलिए 9’ और ‘खतरों के खिलाड़ी 11’ जैसे रियलिटी शो में भी हिस्सा ले चुके हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





