मनोरंजन

अब तक नहीं सुलझी सुशांत की मौत की गुत्थी, जानिए इस केस में शुरू से अंत तक क्या-क्या हुआ

Neha Dani
14 Jun 2022 3:59 AM GMT
अब तक नहीं सुलझी सुशांत की मौत की गुत्थी, जानिए इस केस में शुरू से अंत तक क्या-क्या हुआ
x
एक महीना मुंबई की भायखला जेल में बिताया था। वहीं, शौविक को गिरफ्तारी के तीन महीने बाद जमानत मिली थी।

सुशांत सिंह राजपूत को ये दुनिया छोड़े आज दो साल हो गए। उनका परिवार और फैंस के लिए 14 जून का ये दिन किसी सदमे की तरह है। सुशांत सिंह का इस तरह जाना इंडस्ट्री में एक खालीपन छोड़ गया और साथ ही छोड़ गया ढेरों सवाल, जिनके जवाब की तलाश आज भी है। सवाल ये कि आखिर क्यों एक सफल एक्टर को यूं जाना पड़ा। कहा गया कि मौत से पहले सुशांत काफी परेशान थे, क्या था जो उन्हें इस कदर परेशान किए हुआ था। वो कौन था जिसने उन्हें इस हालत में पहुंचा दिया था। ऐसे हजारों सवालों के साथ आज सुशांत सिंह राजपूत की दूसरी बरसी पर फैंस की आंखें नम हैं।


एक्टर का परिवार शुरू से ये आरोप लगा रहा है कि उन्होंने आत्महत्या नहीं की उनकी हत्या हुई है। सोशल मीडिया से लेकर जंतर मंतर तक यहीं गूंज थी कि सुशांत के कातिलों का पता लगाओ। सरकार ने ये केस सीबीआई को सौंपा और फिर खुला कभी ना खत्म होने वाला ड्रग्स केस। तो आइए जानते हैं इस केस में कब-कब क्या-क्या हुआ...
आज है दूसरी बरसी

14 जून 2020 को एक्टर सुशांत सिंह राजपूत का शव उनके मुंबई स्थित फ्लैट में पंखे पर लटका हुआ मिला। उनके दोस्त ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंची मुंबई पुलिस ने इसे सुसाइड केस बताया। हालांकि उस समय कई सवाल उठे, जिनका जवाब आज तक नहीं मिला है। सुशांत के पिता केके सिंह ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग की। इसके अलावा कई राजनीतिक हस्तियों ने भी साजिशन हत्या की बात कहकर केंद्र सरकार के दखल की गुजारिश की।
18 जून को रिया चक्रवर्ती ने मुंबई के बांद्रा थाने में अपना बयान दर्ज करा दिया था। रिया ने इसके पहले सुशांत से जुड़ी सभी सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर दी थीं।

इस केस में अब रिया चक्रवर्ती बुरी तरह फंस चुकी थीं। उन्होंने टीवी इंटरव्यू में अपना पक्ष रखना शुरू किया। 16 जुलाई को रिया ने भी सीबीआई जांच की मांग की और सुशांत सिंह राजपूत के परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाए।

ये सारा वितंडा अभी चल ही रहा था कि 29 जुलाई 2020 को सुशांत सिंह राजपूत के पिता केके सिंह ने पटना के राजीव नगर थाने में बेटे की कथित गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती सहित छह लोगों के खिलाफ सुसाइड के लिए उकसाने व पैसे के लेनदेन की एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद 29 जुलाई को पटना पुलिस की टीम जांच के लिए मुंबई गई। जिसके बाद पटना पुलिस ने मुंबई पुलिस पर जांच में असहयोग का आरोप लगाया।

साजिशन हत्या की जांच के बीच एक सवाल यह उठा कि आखिर सुशांत के करोड़ों रुपए कहां गए? इसका शक भी रिया चक्रवर्ती पर गया। मामला 30 जुलाई को प्रवर्तन निदेशालय तक पहुंचा। सुशांत की हत्या की जांच के लिए मुंबई गई बिहार पुलिस की टीम ने इसमें ईडी की मदद की। इसी दौरान कई वीडियो सामने आए जिसमें रिया और सुशांत के ड्रग्स लेने की बात भी मीडिया में आने लगी।

05 अगस्त 2020 को केंद्र सरकार ने भी सीबीआई जांच को स्वीकृति दे दी। सुप्रीम कोर्ट ने भी 19 अगस्त को इस पर मुहर लगा दी। इसके बाद सीबीआई ने मामला अपने हाथ में ले लिया।

ईडी के कहने पर इस मामले में एनसीबी ने 26 अगस्त को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। सीबीआई के अलावा एनसीबी व ईडी ने रिया चक्रवर्ती व उनके परिवार तथा अन्य कई लोगों से कई बार पूछताछ की। सुशांत के परिवार ने आरोप लगाया कि रिया ने 15 करोड़ रुपए की हेराफेरी की है।

प्रवर्तन निदेशालय ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत मामले की पूछताछ शुरू की। रिया से सुशांत के वित्तीय लेन-देन और निवेश के बारे में सवाल पूछे गए। रिया के प्रबंधक और सुशांत के पूर्व हाउस मैनेजर से भी पूछताछ की गई।

ड्रग्स केस की आंच में रिया और उनके भाई शैविक चक्रवर्ती झुलसने लगे। 04 सितंबर 2020 को एनसीबी ने रिया व उनके भाई शौविक और सुशांत के हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा को गिरफ्तार किया। इसके बाद एक-एक करके बॉलीवुड की स्याह हकीकत का खुलासा होने लगा।

बॉलीवुड में ड्रग्स के इस्तेमाल की चर्चा होने लगी। इसके घेरे में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, सारा अली खान और श्रद्धा कपूर के साथ रकुल प्रीत सिंह तक आईं। उन्हें एनसीबी ने 23 सितंबर को पूछताछ के लिए बुलाया।

28 मई 2021 को सुशांत के फ्लैटमेट रहे सिद्धार्थ पिठानी को गिरफ्तार किया। हालांकि, अक्टूबर 2020 को रिया चक्रवर्ती जमानत पर रिहा होकर बाहर आ गईं हैं। उनके भाई शौविक भी जमानत पर बाहर हैं। सितंबर में गिरफ्तारी के बाद रिया ने करीब एक महीना मुंबई की भायखला जेल में बिताया था। वहीं, शौविक को गिरफ्तारी के तीन महीने बाद जमानत मिली थी।


Next Story