
मनोरंजन: रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होते ही दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। करीब 4000 करोड़ रुपये के विशाल बजट में बन रही यह फिल्म एक बार फिर उस महाकाव्य कथा को बड़े पर्दे पर पेश करने जा रही है, जिसने 39 साल पहले रामानंद सागर की टीवी सीरीज 'रामायण' के जरिए लोगों के दिलों में अमिट छाप छोड़ी थी। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या नई 'रामायण' पुराने सीरियल जैसा जादू बिखेर पाएगी या फिर यह अपनी अलग पहचान बनाएगी।
रामानंद सागर की 'रामायण' साल 1987 में प्रसारित हुई थी और देखते ही देखते यह भारतीय टेलीविजन इतिहास की सबसे लोकप्रिय सीरीज में शामिल हो गई। कोरोना काल में जब इसे दोबारा टीवी पर दिखाया गया तो इसने टीआरपी के कई रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। भगवान राम के रूप में अरुण गोविल, सीता के रूप में दीपिका चिखलिया, लक्ष्मण के रूप में सुनील लाहिड़ी, रावण के रूप में अरविंद त्रिवेदी और हनुमान के रूप में दारा सिंह आज भी दर्शकों की यादों में बसे हुए हैं।
नई 'रामायण' की सबसे बड़ी खासियत इसका भव्य स्तर और आधुनिक तकनीक है। जहां 1987 की रामायण सीमित संसाधनों और साधारण सेट के साथ बनाई गई थी, वहीं नई फिल्म में बड़े स्तर के सेट, हाई क्वालिटी वीएफएक्स और अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। फिल्म में हर किरदार को एक नए विजुअल अंदाज में दिखाने की कोशिश की गई है।
रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में नजर आने वाले हैं। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती अरुण गोविल द्वारा बनाई गई राम की छवि को निभाने की होगी। अरुण गोविल की शांत मुस्कान और मर्यादित व्यक्तित्व ने राम के किरदार को लोगों के मन में खास जगह दी थी। अब दर्शकों की नजर रणबीर कपूर के अभिनय पर होगी कि वह इस किरदार में कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं।
सीता के किरदार में साई पल्लवी नजर आएंगी। पुरानी रामायण में सीता को मुख्य रूप से त्याग, धैर्य और मर्यादा के प्रतीक के रूप में दिखाया गया था। वहीं नई फिल्म में सीता के किरदार को अधिक मजबूत और साहसी रूप में पेश करने की कोशिश की गई है। ट्रेलर में उनकी भूमिका में एक योद्धा जैसी झलक भी देखने को मिली है।
लक्ष्मण के किरदार में रवि दुबे नजर आएंगे। सुनील लाहिड़ी ने जिस तरह लक्ष्मण के त्याग और भाई प्रेम को पर्दे पर उतारा था, अब रवि दुबे के सामने उसी भावना को नए अंदाज में दिखाने की चुनौती होगी।
फिल्म का सबसे चर्चित किरदार रावण है, जिसे यश निभा रहे हैं। रामानंद सागर की रामायण में रावण को मुख्य रूप से लंका के राजा और अहंकारी योद्धा के रूप में दिखाया गया था। लेकिन नई फिल्म में रावण के जीवन, उसकी शक्ति, ज्ञान और लंकापति बनने की कहानी को विस्तार से दिखाने की कोशिश की जा रही है। ट्रेलर में यश के रौद्र रूप ने दर्शकों का ध्यान खींचा है।
हनुमान के किरदार में सनी देओल नजर आएंगे। हालांकि ट्रेलर में उनकी पूरी झलक सामने नहीं आई है। पुराने सीरियल में दारा सिंह ने हनुमान के किरदार को जिस ऊर्जा और भक्ति के साथ निभाया था, वह आज भी याद किया जाता है।
नई रामायण में कुछ ऐसे किरदार भी शामिल किए गए हैं जिनकी कहानी पहले ज्यादा विस्तार से नहीं दिखाई गई थी। शूर्पणखा के रूप में रकुल प्रीत सिंह का किरदार चर्चा में है। फिल्म में शूर्पणखा की निजी जिंदगी और उसके पति विद्युतजिह्व की कहानी भी दिखाई जाएगी, जिसे विवेक ओबेरॉय निभा रहे हैं।
इसके अलावा अरुण गोविल इस फिल्म में राजा दशरथ के किरदार में दिखाई देंगे। यह भी दिलचस्प होगा कि राम की भूमिका से मशहूर हुए अरुण गोविल अब पिता दशरथ के किरदार में दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाते हैं।
हालांकि नई रामायण के पास बड़ा बजट, शानदार कलाकार और आधुनिक तकनीक है, लेकिन रामानंद सागर की रामायण की सबसे बड़ी ताकत उसकी सादगी और भावनात्मक जुड़ाव था। उस समय सीमित साधनों के बावजूद किरदार सीधे लोगों के दिलों तक पहुंचे थे।
अब देखना होगा कि 4000 करोड़ की यह भव्य फिल्म दर्शकों के दिलों में वही जगह बना पाती है या फिर यह रामायण की कहानी को एक नए युग के हिसाब से पेश करने में सफल होती है। इसका जवाब फिल्म की रिलीज के बाद ही मिलेगा।





