
मनोरंजन: बॉलीवुड में एक बार फिर बड़ा बॉक्स ऑफिस क्लैश देखने को मिलने वाला है। सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ और इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ इस बार स्वतंत्रता दिवस वीकेंड यानी 14 अगस्त 2026 को एक साथ रिलीज होंगी। इस टकराव ने दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ा दी है, क्योंकि दोनों स्टार्स का एक पुराना बॉक्स ऑफिस कनेक्शन भी सामने आया है।
यह पहली बार नहीं है जब सनी देओल और इमरान हाशमी की फिल्में एक-दूसरे के सामने होंगी। साल 2007 में भी दोनों की फिल्मों के बीच मुकाबला हुआ था। उस समय सनी देओल की ‘अपने’ और इमरान हाशमी की ‘आवारापन’ एक ही दिन रिलीज हुई थीं। 29 जून 2007 को थिएटर में तीन बड़ी फिल्में आई थीं, जिनमें ‘आप का सुरूर’ भी शामिल थी।
बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट्स के मुताबिक, सनी देओल की ‘अपने’ ने उस समय ठीक-ठाक प्रदर्शन किया था। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 38.81 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जबकि भारत में इसका नेट कलेक्शन लगभग 21.90 करोड़ रुपये रहा था। फिल्म का बजट करीब 18 करोड़ रुपये था।
वहीं इमरान हाशमी की ‘आवारापन’ को क्रिटिक्स से अच्छे रिव्यू मिले थे, लेकिन शुरुआती रिलीज के समय यह बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा कमाल नहीं कर पाई थी। फिल्म ने दुनियाभर में करीब 12.18 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। हालांकि समय के साथ इस फिल्म ने दर्शकों के बीच कल्ट स्टेटस हासिल कर लिया।
अब करीब 19 साल बाद दोनों स्टार्स फिर आमने-सामने हैं। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, इस बार इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ को शुरुआती चर्चा में थोड़ी बढ़त मिलती दिख रही है, जबकि सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ बड़े बजट और दमदार स्टारकास्ट की वजह से चर्चा में बनी हुई है।
‘बंटवारा 1947’ का निर्देशन राजकुमार संतोषी कर रहे हैं और यह फिल्म आमिर खान के प्रोडक्शन में बन रही है। इसमें सनी देओल के साथ प्रीति जिंटा, करण देओल और शबाना आजमी जैसे कलाकार नजर आएंगे।
वहीं ‘आवारापन 2’ का निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं। इस फिल्म में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी, सुविंदर विक्की और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बार बॉक्स ऑफिस की जंग में कौन सी फिल्म दर्शकों का दिल जीतती है।





