मनोरंजन

ओटीटी पर डेब्यू को तैयार Sunile Shetty, 'इनविजिबल वुमन' वेब सीरीज़ में आएंगे नज़र, ईशा गुप्ता भी होंगी साथ

Gulabi
30 Sept 2021 10:59 PM IST
ओटीटी पर डेब्यू को तैयार Sunile Shetty, इनविजिबल वुमन वेब सीरीज़ में आएंगे नज़र, ईशा गुप्ता भी होंगी साथ
x
बॉलीवुड के अन्ना सुनील शेट्टी भी अब बेव सीरीज़ की दुनिया की ओर चल पड़े हैं

बॉलीवुड के अन्ना सुनील शेट्टी भी अब बेव सीरीज़ की दुनिया की ओर चल पड़े हैं। सुनील इनविजिबल वुमन (Invisible Woman) वेब सीरीज़ से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर डेब्यू करने जा रहे हैं। इस सीरीज़ का निर्देशन राजेश एम सेल्वा कर रहे हैं। यह एक एक्शन-थ्रिलर वेब सीरीज़ है।

अपने ओटीटी डेब्यू को लेकर उत्साहित सुनील ने कहा- आजकल जो वेब सीरीज़ आ रही हैं, उनकी कहानियां पहले से मौजूद सैकड़ों कहानियों से अलग होती हैं। इनविजिबल वुमन वेब सीरीज़ की कहानी ने मुझे फौरन आकर्षित किया। मैं अपने इस अनोखे वेब डेब्यू को लेकर रोमांचित हूं। वेब सीरीज़ की शूटिंग शुरू हो चुकी है और यूडली फ़िल्म्स की पहली सीरीज़ है। इस सीरीज़ में ईशा गुप्ता भी एक अहम किरदार में नज़र आएंगी। ईशा हाल ही में एमएक्स प्लेयर पर रिलीज़ हुई वेब सीरीज़ नकाब में पुलिस अधिकारी के किरदार में नज़र आयी हैं।

सुनील शेट्टी इसी साल रिलीज़ हुई फ़िल्म मुंबई सागा में स्पेशल एपीयरेंस में दिखे थे। पिछले कुछ वक़्त से सुनील दक्षिण भारतीय भाषाओं की फ़िल्मों में काम कर रहे हैं। हिंदी सिनेमा में सुनील अब बेटे अहान शेट्टी की डेब्यू फ़िल्म तड़प में नज़र आएंगे, जो 3 दिसम्बर को रिलीज़ हो रही है।
ये सितारे भी करने वाले हैं ओटीटी डेब्यू

ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर आने वाले दिनों में कई बॉलीवुड स्टार्स डेब्यू करने वाले हैं। इनमें अक्षय कुमार, अजय देवगन, शाहिद कपूर, माधुरी दीक्षित, रवीना टंडन जैसे नाम शामिल हैं। अजय देवगन रूद्र- द एज ऑफ डार्कनेस से ओटीटी डेब्यू कर रहे हैं तो शाहिद कपूर द फैमिली मैन सीरीज़ के क्रिएटर्स राज एंड डीके की वेब सीरीज़ से ओटीटी पारी शुरू कर रहे हैं।
माधुरी दीक्षित फाइंडिंग अनामिका नाम की वेब सीरीज़ से ओटीटी की दुनिया में आएंगी। वहीं, रवीना टंडन की डेब्यू वेब सीरीज़ का नाम अरण्यक है। अक्षय कुमार ने 2019 में द एंड नाम की वेब सीरीज़ से ओटीटी पारी शुरू करने का एलान किया था। हालांकि, इसको लेकर अभी और जानकारी सामने नहीं आयी है। (With ANI Inputs)


Next Story