मनोरंजन
सुगंधा मिश्रा ने गाया 'प्रिटी लिटिल बेबी' का हिंदी वर्जन, इंस्टाग्राम पर मचा धमाल
jantaserishta.com
31 May 2025 12:01 PM IST

x
मुंबई: कॉमेडियन और सिंगर सुगंधा मिश्रा ने हाल ही में एक खास तोहफा अपने फैंस को दिया है। उन्होंने मशहूर अंग्रेजी गाने 'प्रिटी लिटिल बेबी' का हिंदी वर्जन तैयार किया है, जिसे उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया। यह गाना असल में 1962 में प्रसिद्ध अमेरिकी सिंगर कॉनी फ्रांसिस ने गाया था, जो आज भी अपने मधुर सुरों की वजह से लोगों को पसंद आता है। सुगंधा ने इस क्लासिक गाने को अपने अंदाज में हिंदी में ढाला है। यह वर्जन अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है।
इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में सुगंधा हेयरस्टाइल बनाती नजर आ रही हैं। वह इस दौरान 'प्रिटी लिटिल बेबी' गाने को गुनगुनाती हैं और फिर इसका हिंदी वर्जन गाने लगती हैं। इस हिंदी वर्जन में उनकी आवाज में जो मिठास है, वह गाने को और भी खास बना रही है। उन्होंने गाने के बोल इस तरह से लिखे हैं कि सुनने वाले इस वर्जन को बार-बार सुन रहे हैं। उनका यह प्रयास दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है। वीडियो में उन्होंने सिर्फ गाना ही नहीं गाया, बल्कि अपने एक्सप्रेशंस और सादगी से एक खूबसूरत भाव भी जोड़ दिया है। सोशल मीडिया पर हर कोई उनकी काफी तारीफ कर रहा है।
गाने के बारे में बात करें तो 'प्रिटी लिटिल बेबी' बेहद खूबसूरत गाना है जिसे मशहूर अमेरिकी सिंगर कॉनी फ्रांसिस ने गाया है। यह गाना उनके एल्बम 'कोनी फ्रांसिस सिंग्स सेकंड हैंड लव' में शामिल है, जिसे 10 अप्रैल 1962 को रिलीज किया गया था। इस गाने को डॉन स्टर्लिंग और बिल नौमैन ने लिखा, जबकि इसके निर्माता जिम विएन्यू और नॉरो विल्सन हैं। यह गाना यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप ने जारी किया।
सुगंधा अपनी मिमिक्री, सिंगिंग और कॉमेडी के लिए जानी जाती हैं। वह टीवी के 'द कपिल शर्मा शो', 'कॉमेडी सर्कस' समेत अन्य लोकप्रिय शोज का हिस्सा रह चुकी हैं। उनका जन्म पंजाब के जालंधर में हुआ था। उन्होंने गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर, पंजाब और एपीजे कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स, जालंधर से संगीत में ग्रेजुएशन की है। उन्होंने 26 अप्रैल 2021 को कॉमेडियन संकेत भोसले से शादी की और 15 दिसंबर 2023 को अपनी बेटी का स्वागत किया, जिसका नाम उन्होंने इहाना रखा है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





