केरल: स्टोरी के पश्चात सुब्रत रॉय की बायोपिक का निर्देशन करेंगे सुदीप्तो सेन

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | सुदीप्तो सेन की चर्चा पिछले काफी समय से पूरे देश में हो रही है। वजह है निर्देशक द्वारा बनाई गई विवादास्पद फिल्म 'द केरल स्टोरी'। केरल में हुई धर्मांतरण की सच्ची घटनाओं पर आधारित अदा शर्मा अभिनीत और विपुल शाह निर्मित यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म की चर्चा अभी खत्म भी नहीं हुई थी कि सुदीप्तो सेन ने एक और प्रोजेक्ट साइन कर लिया है। केरल के संगीन मुद्दे को फिल्मी पर्दे पर दर्शाने के बाद अब सुदीप्तो सेन एक बायोपिक का निर्देशन करते नजर आएंगे। दरअसल, निर्देशक बिजनेस टाइकून और सहारा इंडिया परिवार के संस्थापक सुब्रत रॉय के जीवन पर आधारित फिल्म 'सहाराश्री' का निर्देशन करते दिखाई देंगे।
भारत के बिजनेस टाइकून सुब्रत रॉय के 75वें जन्मदिन के खास मौके पर प्रसिद्ध निर्माता संदीप सिंह और जयंतीलाल गड़ा ने 'द केरल स्टोरी' के निर्देशक सुदीप्तो सेन के साथ मिलकर एक रोमांचक घोषणा की है। उन्होंने अपनी आगामी फिल्म 'सहाराश्री' का एलान किया है, जो सहारा इंडिया परिवार के संस्थापक के जीवन पर आधारित एक बायोपिक है। इस एलान के साथ सुदीप्तो सेन, संदीप सिंह और जयंतीलाल गड़ा ने 'सहाराश्री' का मोशन पोस्टर भी रिलीज किया है।
पेन इंडिया लिमिटेड द्वारा अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर फिल्म का एक 36 सेकंड का वीडियो भी साझा किया गया है, जिसमें इसकी एक झलक दिखाती है। वीडियो में सुब्रत रॉय द्वारा हस्ताक्षरित 'भारत के लोगों' के लिए 25 हजार करोड़ रुपये का चेक दिखाया गया है। क्लिप में एक व्यक्ति ने चेक को पकड़ा हुआ है जिसका चेहरा नहीं दिखाया गया है। इस शख्स के पीछे हजारों लोग खड़े हैं। वह व्हाइट शर्ट, टाई और ब्लू ब्लेजर में नजर आ रहा है। हालांकि, अभी फिल्म में मुख्य भूमिका कौन निभाएगा इसकी घोषणा नहीं की गई है।
सुदीप्तो सेन फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा कि बायोपिक को फिल्माना किसी भी फिल्म निर्माता के लिए कभी भी आसान नहीं रहा है। उन्होंने कहा, 'बायोपिक का निर्देशन किसी भी फिल्म निर्माता के लिए हमेशा एक चुनौतीपूर्ण काम होता है। एक फिल्म के लिए एआर रहमान, गुलजार, संदीप सिंह और डॉ. जयंतीलाल गड़ा का एक साथ होना बहुत बड़ी बात है।' 'सहाराश्री' नामक यह फिल्म अगले साल रिलीज होगी। इसकी शूटिंग बड़े पैमाने पर महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, कोलकाता और लंदन में की जाएगी। यह हिंदी, बंगाली, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में दस्तक देगी।





