मनोरंजन

दमदार कहानी और सभी कलाकारों का एक जैसा विजन 'कन्नप्पा' की असली ताकत : विष्णु मांचू

jantaserishta.com
23 Jun 2025 12:09 PM IST
दमदार कहानी और सभी कलाकारों का एक जैसा विजन कन्नप्पा की असली ताकत : विष्णु मांचू
x
नई दिल्ली: अभिनेता विष्णु मांचू अपनी आने वाली फिल्म 'कन्नप्पा' को लेकर चर्चा में हैं। आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने बताया कि फिल्म की दमदार कहानी और सभी कलाकारों का एक जैसा विजन ही फिल्म की सबसे बड़ी ताकत है, जिसके चलते प्रभास, मोहनलाल और अक्षय कुमार जैसे बड़े सितारे इसमें काम करने के लिए तैयार हुए।
मोहनलाल, प्रभास, अक्षय कुमार और काजल अग्रवाल जैसे बड़े सितारे इस फिल्म से कैसे जुड़े? इस सवाल का जवाब देते हुए विष्णु मांचू ने आईएएनएस को बताया, "मैंने एक ऐसी कहानी से शुरुआत की जो उनके हुनर और समय की कद्र करती है। जब इन सितारों ने स्क्रिप्ट पढ़ी, तो उन्होंने खुद ही फिल्म का हिस्सा बनने में दिलचस्पी दिखाई। उन्हें मनाना नहीं पड़ा, सभी खुद से जुड़ना चाहते थे।"
उन्होंने आगे कहा, "हम सभी ने दो बातों पर सहमति जताई। पहला, कहानी को वास्तविकता के रूप में दिखाना और दूसरा, शूटिंग में पूरी तरह से अनुशासन रखना। जब सभी का विजन एक जैसा हो, तो लोगों के लिए समय निकालना आसान हो जाता है।"
विष्णु मांचू ने अपनी फिल्म 'कन्नप्पा' के बारे में बात करते हुए कहा, "मैंने कन्नप्पा की कहानी पहली बार बचपन में सुनी थी, लेकिन जैसे-जैसे मैं बड़ा हुआ, इसका मतलब मेरे लिए और गहरा होता गया। कन्नप्पा की सच्ची भक्ति और त्याग के साहस ने मुझे काफी प्रभावित किया। खासकर इस दौर में, जहां लोग अपनी आस्था को गंभीरता से नहीं लेते, वहां ऐसी कहानियां और भी जरूरी और प्रेरणादायक लगती हैं।"
उन्होंने कहा, "मैंने फिल्म के जरिए यह दिखाने की कोशिश की है कि कोई इंसान अपने विश्वास के लिए कितना कुछ कुर्बान कर सकता है। साथ ही चाहता हूं कि लोग यह भी सोचें कि वे खुद अपने विश्वास के लिए कितना कर सकते हैं।"
'कन्नप्पा' एक मिथक पर आधारित एक्शन-ड्रामा फिल्म है, जिसे मुकेश कुमार सिंह ने डायरेक्ट किया है और मोहन बाबू ने प्रोड्यूस किया है। यह फिल्म हिंदू धर्म की एक पौराणिक कथा पर आधारित है, जो भगवान शिव के एक महान भक्त 'कन्नप्पा' की कहानी को दिखाती है। फिल्म में मोहन बाबू, आर. शरत कुमार, अर्पित रंका, ब्रह्मानंदम, ब्रह्माजी, शिवा बालाजी, कौशल मांडा, राहुल माधव, देवराज, मुकेश ऋषि, रघु बाबू, प्रीति मुकुंदन और मधु सहायक भूमिकाओं में हैं।
'कन्नप्पा' अक्षय कुमार की पहली तेलुगु फिल्म है। इसका निर्माण मोहन बाबू ने 24 फ्रेम्स फैक्ट्री के सहयोग से बैनर एवीए एंटरटेनमेंट के तहत किया है। फिल्म की शूटिंग देश के कई हिस्सों के साथ ही न्यूजीलैंड में भी की गई है। फिल्म 27 जून को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story