
मनोरंजन:मुंबई। मशहूर म्यूजिक कंपोजर प्रीतम चक्रवर्ती ने अपने 55वें जन्मदिन के बाद एक इमोशनल पोस्ट शेयर किया है, जिसके बाद उनके बॉलीवुड म्यूजिक से दूरी बनाने या लंबे ब्रेक लेने को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर उनके पोस्ट ने फैंस को चिंता में डाल दिया है और तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। प्रीतम ने 14 जून को अपना जन्मदिन मनाया था और अगले ही दिन इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरों के साथ एक लंबा भावुक कैप्शन साझा किया। इसमें उन्होंने सभी को जन्मदिन की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि अब वह अपनी जिंदगी को एक नए तरीके से जीना चाहते हैं। उन्होंने लिखा कि अब उनके लिए “नई यात्राओं पर निकलने का समय” आ गया है और वह उन चीजों को करना चाहते हैं, जो लंबे समय से पीछे रह गई थीं।
उन्होंने अपने पोस्ट में यह भी संकेत दिया कि वह कुछ समय अपने लिए जीना चाहते हैं और नई चीजों को एक्सप्लोर करना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने कहीं भी सीधे तौर पर रिटायरमेंट की घोषणा नहीं की है, लेकिन उनके शब्दों से यह जरूर साफ है कि वह म्यूजिक से ब्रेक लेने पर विचार कर रहे हैं। प्रीतम के इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं तेजी से आने लगीं। कई लोगों ने चिंता जताई कि पहले अरिजीत सिंह को लेकर भी इसी तरह की चर्चा हुई थी और अब प्रीतम जैसे बड़े म्यूजिक डायरेक्टर के संभावित ब्रेक से इंडस्ट्री को बड़ा नुकसान हो सकता है। कुछ फैंस ने लिखा कि वे नहीं चाहते कि प्रीतम म्यूजिक इंडस्ट्री से दूर जाएं, क्योंकि उन्होंने बॉलीवुड को कई सुपरहिट गाने दिए हैं। वहीं कई लोगों ने उनके फैसले का सम्मान करते हुए कहा कि हर कलाकार को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का हक है। बताया जा रहा है कि प्रीतम पहले भी काम के दबाव और लगातार डेडलाइन को लेकर ब्रेक लेने की बात कर चुके हैं। उन्होंने कई इंटरव्यू में कहा था कि व्यस्त शेड्यूल की वजह से वह थकान महसूस करते हैं और कुछ समय अपने परिवार और निजी जीवन को देना चाहते हैं।
फिलहाल प्रीतम की तरफ से किसी आधिकारिक रिटायरमेंट की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन उनका यह इमोशनल पोस्ट फैंस और म्यूजिक इंडस्ट्री दोनों के लिए चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।





