
मशहूर फिल्ममेकर एसएस राजामौली (SS Rajamouli) हमेशा अपनी भव्य फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्मों का एक अलग ही स्तर होता है। आरआरआर की अपार सफलता के बाद राजामौली अब अगले प्रोजेक्ट की ओकर बढ़ गये हैं, साथ ही फुरसत के समय में यात्रा पर निकल गये।
विदेश से लौटने के बाद उन्होंने जून का आखिरी हफ्ता तमिलनाडु में मंदिरों के दर्शन करके बिताया। राजामौली ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके अपना अनुभव बताया। इस वीडियो में वे कई मंदिरों को विजिट करते हुए देखे जा रहे हैं।
मंदिर-मंदिर घूमते दिखे राजामौली
इनमें तंजावुर, बृहदेश्वर मंदिर, रामेश्वरम और श्रीरंगम में श्री रंगनाथस्वामी मंदिर शामिल हैं। उन्हें थूथुकुडी में बोटिंग करते और मदुरै में स्थानीय स्नैक्स का आनंद लेते हुए भी देखा जा सकता है। वीडियो के अंत में उन्होंने परिवार की एक तस्वीर भी साझा की।
राजामौली ने वीडियो के अंत में लिखा- "मध्य तमिलनाडु की समृद्ध विरासत और दैवीय शांति की खोज आत्मविभोर करने वाली थी।" वीडियो शेयर करते हुए राजामौली ने कहा-
लंबे समय से सेंट्रल तमिलनाडु में रोड ट्रिप करना चाहता था। मेरी बेटी का धन्यवाद, जो मंदिरों के दर्शन करना चाहती थी, फिर हमने इस ट्रिप को शुरू किया। जून के अंतिम सप्ताह में श्रीरंगम, दारासुरम, बृहदेश्वर कोइल (मंदिर), रामेश्वरम, कनादुकथन, थूथुकुडी और मदुरै गए थे।
इन कुछ दिनों में हम सिर्फ कुछ सिरे ही छू सके हैं। पांड्या (Pandyas), चोझा (Chozhas) की उत्कृष्ट वास्तुकला, अद्भुत इंजीनियरिंग और गहन आध्यात्मिक विचार। नयक्कर (Nayakkars) और कई अन्य शासक वास्तव में मंत्रमुग्ध कर देने वाले थे।
रोड ट्रिप में बढ़ा 2-3 किलो वजन
यह बताते हुए कि यह यात्रा उनके लिए कितनी ताजगीभरी रही, उन्होंने कैप्शन में आगे लिखा- “चाहे मन्त्रकुदम, कुंभकोणम में बढ़िया भोजन हो या काका होटल, रामेश्वरम में मुरुगन मेस, हर जगह भोजन अद्भुत रहा है… मैंने एक हफ्ते में 2-3 किलो वजन बढ़ा लिया होगा। तीन महीने की विदेश यात्रा और खान-पान के बाद, यह मातृभूमि दौरा ताजगीभरा और उत्साहवर्धक रहा।''
हाल ही में राजामौली की फिल्म आरआरआर के नाटू नाटू ने गोल्डन ग्लोब्स और ऑस्कर सहित विभिन्न प्रतिष्ठित पुरस्कार समारोहों में शीर्ष सम्मान जीता। इस फिल्म ने इंडियन सिनेमा का सिर गर्व से ऊंचा किया है।
आरआरआर में राम चरण और जूनियर एनटीआर मुख्य भूमिकाओं में थे। वहीं, एसएस राजामौली की अगली निर्देशित फिल्म में सुपरस्टार महेश बाबू मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। इसे एक जंगल एडवेंचर मूवी बतायी जा रही है।
