मनोरंजन
सैफ अली खान पर हमले में सामने आया 'शाहरुख खान' कनेक्शन, मन्नत की भी रेकी की गई
jantaserishta.com
17 Jan 2025 5:54 PM IST

x
पुलिस को शक है कि शाहरुख के घर रेकी और सैफ पर हमला करने वाला शख्स एक ही है।
मुंबई: अभिनेता सैफ अली खान पर गुरुवार तड़के हुए हमले को लेकर शाहरुख खान के साथ कनेक्शन सामने आया है। पता चला है कि शाहरुख खान के घर मन्नत की भी रेकी की गई और एक शख्स ने घुसने की कोशिश की थी। पुलिस को शक है कि शाहरुख के घर रेकी और सैफ पर हमला करने वाला शख्स एक ही है।
शाहरुख खान के घर मन्नत के पास स्थित रिट्रीट हाउस के पीछे की तरफ गत 14 जनवरी को छह से आठ फीट लंबी लोहे की सीढ़ी लगाकर घर के अंदर देखने की कोशिश की जा रही थी। पुलिस को शक है कि शाहरुख खान के घर देखने वाला व्यक्ति वही है, जिसने सैफ अली खान पर हमला किया। पुलिस के अनुसार, शाहरुख खान के घर के सीसीटीवी फुटेज में उस व्यक्ति की कद-काठी उस सीसीटीवी वाले शख्स से मेल खाता है, जो सैफ अली की बिल्डिंग में सीढ़ियों पर दिखाई दिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को शक है कि वह व्यक्ति अकेला नहीं हो सकता क्योंकि जिस लोहे की सीढ़ी का उपयोग रेकी करने के लिए किया गया था, वह एक इंसान के लिए उठा पाना मुमकिन नहीं है। उस भारी सीढ़ी को उठाने के लिए कम से कम दो-तीन लोगों की जरूरत होगी। सैफ पर हुए हमले के बाद पुलिस की टीम दोबारा शाहरुख खान के घर गई और मामले की छानबीन की।
हालांकि, रेकी मामले को लेकर शाहरुख खान की तरफ से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। लेकिन पुलिस इस मामले को लेकर गंभीर है और इसकी छानबीन कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि जिस सीढ़ी का इस्तेमाल किया गया उसकी चोरी की कोई रिपोर्ट कहीं दर्ज है या नहीं। हाल ही में एक व्यक्ति को मुंबई के बैंडस्टैंड इलाके में शाहरुख के आलीशान बंगले मन्नत के अंदर झांकने की कोशिश करते देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने शाहरुख की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उनके घर की तलाशी भी ली थी।
इस बीच बता दें कि पटौदी परिवार के लिए गुरुवार का दिन काफी मुश्किल भरा रहा। बांद्रा में उनके घर में घुसे हमलावर ने सैफ पर 2.5 इंच के चाकू से हमला कर दिया था। हमले में घायल सैफ को लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उनकी दो सर्जरी की। इस सर्जरी में डॉक्टरों ने उनके घाव से 2.5 इंच का चाकू निकाला। सर्जरी के बाद अभिनेता को आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। अभिनेता के स्वास्थ्य को लेकर लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों का बयान सामने आया और उन्होंने बताया कि अभिनेता अब ठीक हैं और खतरे से बाहर हैं।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





