मनोरंजन

सुनील शेट्टी की करियर-बिजनेस से जुड़ी जाने ये कुछ खास बातें

Tara Tandi
10 Aug 2021 1:21 PM GMT
सुनील शेट्टी की करियर-बिजनेस से जुड़ी जाने ये कुछ खास बातें
x
अभिनेता सुनील शेट्टी बॉलीवुड के उन कलाकारों में से एक हैं

अभिनेता सुनील शेट्टी बॉलीवुड के उन कलाकारों में से एक हैंजो अपने खास और अलग अभिनय के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कई हिट फिल्मों में अभिनय कर बड़े पर्दे पर अपनी अमिट छाप छोड़ी है। सुनील शेट्टी का जन्म 11 अगस्त 1961 को कर्नाटक के मैंगलोर के मुल्की में हुआ था। उनके पिता का नाम विरप्पा शेट्टी है। सुनील शेट्टी ने अपने करियर की शुरुआत साल 1992 में आई फिल्म 'बलवान' से की थी।

इसके बाद वह 'वक्त हमारा है' और 'पहचान' में नजर आए। साल 1993 में आई फिल्म 'दिलवाले' के लिए सुनील शेट्टी को फिल्मफेयर में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का पुरस्कार मिला। वहीं उनके करियर ने साल 1994 में आई फिल्म 'मोहरा' से जोर पकड़ा। 'मोहरा' में सुनील शेट्टी के किरदार को पर्दे पर दर्शकों ने खूब पसंद किया था। इसके बाद सुनील शेट्टी 'गोपी किशन', 'टक्कर', 'कृष्णा', 'सपूत', 'बॉर्डर', 'भाई' और 'आक्रोश' जैसी कई हिट फिल्मों में नजर आए।

सुनील शेट्टी फिल्मों में केवल अपने एक्शन के लिए ही नहीं बल्कि कॉमेडी और विलेन किरदार की वजह से भी सुर्खियां बटोर चुके हैं। फिल्म 'हेराफेरी' और 'फिर हेराफेरी' में उनके श्याम के किरदार को कभी नहीं बूला जा सकता है, तो वहीं फिल्म 'धड़कन' में सुनील शेट्टी ने ग्रे शेड किरदार भी काफी लाजवाब रहा था। वह संजय दत्त की फिल्म 'रुद्राक्ष' और शाहरुख खान की फिल्म 'मैं हूं न' में भी विलेन बन चुके हैं। हिंदी के अलावा सुनील शेट्टी साउथ सिनेमा की भी कई फिल्मों में अपने अभिनय का दम दिखा चुके हैं।

वह अपने पूरे करियर में 100 से ज्यादा फिल्मों में काम कर चुके हैं। सुनील शेट्टी क्रिकेटर बनना चाहते थे। यह बात वह अपने इंटरव्यू में भी बोल चुके हैं। बतौर सुनील शेट्टी, 'मुझे एक्टिंग का बिल्कुल शौक नहीं था। मुझ पर तो देश के लिए खेलने और क्रिकेटर बनने की धुन सवार थी। एक खिलाड़ी का शरीर लचीला होता है। मैंने भी अपनी बॉडी को लचीली बनाने के लिए मार्शल आ‌र्ट्स सीखा। लेकिन मार्शल आ‌र्ट्स काम आया एक्शन हीरो बनने में। मुझे साजिद नाडियावाला और राजू मवानी की फिल्म में बतौर एक्शन हीरो ही पहला ब्रेक मिला।'

सुनील शेट्टी ने निर्माता के तौर पर भी किस्मत आजमाई। उन्होंने खेल, रक्त और भागमभाग बनाई, लेकिन निर्माता के तौर पर उनका जादू चल नहीं पाया। सुनील शेट्टी फिल्मों के साथ अपने बिजनेस के लिए भी जाने जाते हैं। उनके कई रेस्टोरेंट, क्लब हैं और वो कहा जाता है कि वो एडवेंचर पार्क के भी को-ओनर हैं। रेस्टोरेंट के साथ साथ उन्होंने लग्जरी फर्नीचर, होम डेकोर जैसी फील्ड में अपना बिजनेस फैला चुके हैं। इसके साथ ही रियल एस्टेट में भी उन्होंने हाथ आजमाया है और रियल एस्टेट में अच्छा काम करते हैं। माना जाता है कि वह फिल्मों के अलावा अपने बिजनेस से करोड़ों रुपये कमाते हैं।


Next Story