
Mumbai मुंबई : बॉलीवुड अभिनेता सोहेल खान और उनकी पूर्व पत्नी सीमा सजदेह भले ही अब पति-पत्नी नहीं हैं, लेकिन दोनों के बीच आज भी सम्मान और दोस्ती का रिश्ता कायम है। तलाक के बाद भी दोनों एक-दूसरे को निजी और प्रोफेशनल जिंदगी में सपोर्ट करते नजर आते हैं। अब दोनों जल्द ही एक साथ रियलिटी शो ‘द अलायंस’ में नजर आने वाले हैं, जहां सोहेल खान ने सीमा सजदेह को लेकर ऐसा बयान दिया, जिसकी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है।
शो के सामने आए प्रोमो में सोहेल खान और सीमा सजदेह के रिश्ते की झलक देखने को मिली। प्रोमो में सोहेल से पूछा गया कि सीमा को शो में देखकर उन्हें कैसा महसूस हुआ? इसके जवाब में सोहेल ने सीमा की तारीफ करते हुए कहा कि वह इस खूबसूरत महिला के साथ 25 साल तक रहे हैं।सोहेल ने आगे कहा कि अगर उनके रिश्ते में कोई गलती हुई थी तो उसकी जिम्मेदारी वह खुद लेना चाहेंगे। उन्होंने नेशनल टीवी पर अपनी बात रखते हुए कहा कि अगर कोई गलती थी तो वह उसे अपने सिर लेंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी भी स्वीकार करेंगे।सोहेल खान के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हो रही है। कई लोगों ने उनके इस अंदाज को परिपक्व और सम्मानजनक बताया। वहीं, प्रोमो में सीमा सजदेह सोहेल की बात सुनकर शांत नजर आईं।
सीमा ने भी की सोहेल की तारीफ
इससे पहले सीमा सजदेह ने एक इंटरव्यू में सोहेल खान के शो में आने को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि वह जानती थीं कि सोहेल शो का हिस्सा बनने वाले हैं और उन्हें देखकर अच्छा लगा।सीमा ने कहा था कि वह सोहेल को देखने के लिए तैयार थीं, लेकिन अब वह शो में उनके साथ ज्यादा समय नहीं बिता पाएंगी क्योंकि वह वहां से जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सोहेल अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकल रहे हैं और उन्हें देखकर अच्छा लग रहा है। सीमा ने यह भी कहा कि उन्हें सोहेल पर गर्व है।
‘हम अलायंस होंगे चाहे पसंद आए या नहीं’
जब सीमा से पूछा गया कि शो में सोहेल के साथ उनका रिश्ता और तालमेल कैसा रहेगा, तो उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि दोनों एक-दूसरे के अलायंस होंगे। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वे अलायंस होंगे, चाहे उन्हें पसंद आए या नहीं।बता दें कि सोहेल खान और सीमा सजदेह ने लंबे समय तक एक साथ जिंदगी बिताई। दोनों ने शादी के बाद कई सालों तक साथ रहने के बाद अलग होने का फैसला लिया। हालांकि, तलाक के बाद भी दोनों ने अपने रिश्ते में सम्मान बनाए रखा है।दोनों के बीच की बॉन्डिंग इस बात का उदाहरण है कि रिश्ते खत्म होने के बाद भी आपसी सम्मान और समझ बनी रह सकती है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि ‘द अलायंस’ में सोहेल और सीमा की जोड़ी किस तरह नजर आती है और शो में उनका तालमेल कैसा रहता है।





