
मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं कि इतने बड़े स्टार्स के साथ काम करने का मौका मिला। जोया ने मुझे एक पार्टी में डांस करते हुए देखा था। इसके बाद मुझे रोल के लिए कॉल आया था। पहले मुझे लगा कि हीरो के दोस्त वाला कैरेक्टर होगा। फिर जब स्क्रिप्ट पढ़ी तो लगा कि ये तो कमाल का किरदार है। मैं थक भी चुका था और कुछ अच्छा करना चाह रहा था। हालांकि, जब फिल्म रिलीज हुई तब जो प्रशंसा मिली, उससे काफी खुश हुआ। मैं फिल्म के प्रमोशन से दूर था। लेकिन इसके बाद एक जगह मैं खड़ा था, मम्मी पापा के साथ।
उसी दौरान आलिया आईं और उन्होंने मेरी तारीफ करते हुए कहा कि तुम्हारी जिंदगी बदलने वाली है। मुझे लगा बड़े लोग हैं कहते रहते हैं। लेकिन आप यकीन मानिए मैंने आज तक भी गली बॉय नहीं देखी है। स्क्रीनिंग पर भी मैं फिल्म नहीं देख पाया था। क्योंकि मेरे मां-बाप रो रहे थे। स्क्रीनिंग के बाद जब हम लोग बाहर निकले तो पूरी मीडिया ने घेर लिया और हर कोई मुझसे पूछने लगा आपने कैसे किया? लेकिन मैं उस समय भी सिर्फ अपने मम्मी-पापा को ही देख रहा था जो दूर खड़े थे। अभी भी यकीन नहीं होता है कि ये सब हो चुका है।





