Shilpa Shinde's के बयान पर विवाद, शिवांगी के समर्थन में आईं जन्नत

Mumbai मुंबई : टीवी अभिनेत्री शिवांगी जोशी इन दिनों रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ को लेकर सुर्खियों में हैं। शो में जहां उनकी गेम और रणनीति को लेकर चर्चा हो रही है, वहीं अब कुछ कंटेस्टेंट्स के कमेंट्स को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया है। शो की कंटेस्टेंट और टीवी अभिनेत्री शिल्पा शिंदे द्वारा शिवांगी जोशी को लेकर किए गए कुछ बयानों पर सोशल मीडिया पर नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी बीच शिवांगी की करीबी दोस्त और अभिनेत्री जन्नत जुबैर उनके समर्थन में सामने आई हैं।
जन्नत जुबैर ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शिवांगी जोशी की तस्वीर शेयर करते हुए उनके लिए एक भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को बिना जाने उसके बारे में राय बनाना गलत है। जन्नत ने लिखा कि यह काफी अजीब है कि लोग बिना किसी को समझे आसानी से उसके कैरेक्टर को जज कर लेते हैं।
जन्नत ने आगे कहा कि वह शिवांगी जोशी को कई सालों से जानती हैं और उन्हें अच्छी तरह पता है कि शिवांगी किस तरह की इंसान हैं। उन्होंने बताया कि शिवांगी के लिए उनके संस्कार और वैल्यूज बहुत मायने रखते हैं। इसलिए उनके बारे में इस तरह की बातें सुनना उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आया।
उन्होंने कहा कि किसी के गेम या शो में प्रदर्शन को लेकर असहमति होना अलग बात है। कोई भी व्यक्ति किसी कंटेस्टेंट की रणनीति, फैसले या गेम को लेकर अपनी राय रख सकता है, लेकिन किसी महिला के चरित्र पर टिप्पणी करना सही नहीं है। जन्नत ने इसे मनोरंजन का हिस्सा मानने से इनकार किया।
पोस्ट के अंत में जन्नत जुबैर ने लिखा, “मैं आपके साथ हूं शिवांगी जोशी।” इस पोस्ट के बाद शिवांगी के फैंस भी जन्नत के समर्थन में उतर आए और सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया देने लगे।
दरअसल, यह विवाद तब शुरू हुआ जब ‘लॉक अप 2’ के एक एपिसोड में शिल्पा शिंदे ने शिवांगी जोशी की निजी जिंदगी को लेकर कुछ टिप्पणियां कीं। शिल्पा ने दावा किया कि शिवांगी के अपने कई को-स्टार्स के साथ अफेयर रहे हैं। उन्होंने शो में शिवांगी के पुराने रिश्तों को लेकर भी बात की, जिसे लेकर दर्शकों ने नाराजगी जताई।
एक क्लिप में शिल्पा शिंदे ने शिवांगी जोशी और उनके को-स्टार्स को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि शिवांगी ने अब तक कई शोज किए हैं और जिन शोज में वह गईं, वहां उनके को-स्टार्स के साथ रिश्तों की चर्चा रही। उन्होंने कुशाल टंडन का भी जिक्र किया था और उम्र के अंतर को लेकर अपनी बात रखी थी।
इसके अलावा, एक अन्य क्लिप में शिल्पा के कुछ ऐसे कमेंट्स भी सामने आए, जिन्हें दर्शकों ने निजी और आपत्तिजनक बताया। सोशल मीडिया यूजर्स ने शिल्पा शिंदे की आलोचना करते हुए कहा कि किसी भी महिला के निजी जीवन और चरित्र पर इस तरह टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए।
शिवांगी जोशी टीवी इंडस्ट्री की लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शामिल हैं। उन्होंने कई चर्चित टीवी शोज में काम किया है और अपनी एक्टिंग के दम पर बड़ी फैन फॉलोइंग बनाई है। वहीं, जन्नत जुबैर भी टीवी जगत की जानी-मानी अभिनेत्री हैं और दोनों के बीच अच्छी दोस्ती मानी जाती है।
फिलहाल ‘लॉक अप 2’ में यह विवाद चर्चा का विषय बना हुआ है। दर्शकों की नजर अब इस बात पर है कि शिवांगी जोशी इस मामले पर खुद कोई प्रतिक्रिया देती हैं या नहीं। वहीं, सोशल मीडिया पर उनके फैंस लगातार अभिनेत्री का समर्थन कर रहे हैं।





