
x
बांकेबिहारी के दरबार पहुंचीं बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी
मथुरा: बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी वृंदावन स्थित ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर पहुंचीं। अभिनेत्री ने श्रद्धाभाव के साथ भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
शिल्पा शेट्टी शाम करीब साढ़े सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर पहुंचीं। उन्हें देखते ही श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में मौजूद प्रशंसक उनकी ओर बढ़ने लगे। हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था के तहत लगी रेलिंग के कारण श्रद्धालु उनके नजदीक नहीं पहुंच सके। इस दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अभिनेत्री ने ठाकुरजी के जयकारे लगाए। मंदिर के सेवायतों ने उन्हें प्रसाद स्वरूप अंगवस्त्र, माला और मुरली प्रदान की।
यह पहला अवसर नहीं है, जब शिल्पा शेट्टी भगवान बांकेबिहारी के दर्शन करने वृंदावन पहुंची हैं। इससे पहले जुलाई 2022 में भी उन्होंने वृंदावन का दौरा किया था। उस दौरान उन्होंने बांकेबिहारी मंदिर के साथ प्रेम मंदिर में भी दर्शन किए थे। अपनी पिछली धार्मिक यात्रा के दौरान अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर खुशी व्यक्त की थी। उन्होंने दर्शन में सहयोग के लिए अभिनेत्री हेमा मालिनी का आभार भी जताया था।
वृंदावन का बांकेबिहारी मंदिर देश के प्रमुख कृष्ण भक्ति केंद्रों में शामिल है। यहां देश-विदेश से श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन करने पहुंचते हैं। मंदिर में स्वामी हरिदास की भक्ति परंपरा का विशेष महत्व है। एकादशी, पूर्णिमा और सार्वजनिक अवकाश के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ जाती है। मंदिर प्रशासन भी अत्यधिक भीड़ वाले दिनों में बुजुर्गों और छोटे बच्चों के साथ आने वाले परिवारों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देता है।
Next Story





