मनोरंजन

शहनाज ने इस अंदाज में दी आरती को शादी की बधाई

Mohammed Raziq
27 April 2024 1:46 PM IST
शहनाज ने इस अंदाज में दी आरती को शादी की बधाई
x
मुंबई : टीवी की मशहूर एक्ट्रेस गोविंदा की भांजी और कृष्णा अभिषेक की बहन आरती सिंह की गुरुवार (25 अप्रैल) को बिजनेसमैन दीपक चौहान के साथ शादी हो गई। मुंबई में हुए इस विवाह समारोह में टेलीविजन की दुनिया के कई सितारे शामिल हुए। गोविंदा ने भी कृष्णा और उनकी पत्नी कश्मीरा शाह के साथ मतभेद को भुलाकर शादी में मामा का फर्ज निभाया। शादी में आरती के साथ 'बिग बॉस 13' का हिस्सा रहे कई कंटेस्टेंट्स भी पहुंचे।
हालांकि उस रियलिटी शो की एक पॉपुलर कंटेस्टेंट शहनाज गिल शादी में नहीं आ पाईं, लेकिन आरती को वीडियो कॉल कर उन्हें तहे दिल से बधाई और शुभकामनाएं दीं। शहनाज ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर जो वीडियो कॉल शेयर किया है उसमें दोनों के चेहरे पर मुस्कान देखने लायक थी। जहां शहनाज व्हाइट टी-शर्ट में नजर आईं तो वहीं आरती दुल्हन के लुक में थीं। शहनाज ने आरती और दीपक की फोटो भी शेयर कर उन पर प्यार लुटाया। उन्होंने फोटो के कैप्शन में लिखा, “आरती सिंह और दीपक चौहान को दिल से बधाइयां।”
शहनाज इन दिनों अपने म्यूजिक वीडियो की शूटिंग में बिजी हैं, जिस कारण वह अपनी दोस्त की शादी में शामिल नहीं हो पाईं। ‘बिग बॉस’ में आरती और शहनाज काफी अच्छे दोस्त बन गए थे। हालांकि उन्हें अक्सर दिवंगत अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला के साथ दोस्ती पर बहस करते देखा गया था। शहनाज, सिद्धार्थ के साथ रिश्ते को लेकर बहुत पजेसिव थीं, जिसके कारण अक्सर आरती के साथ उनकी बहस होती थी। वैसे शादी में 'बिग बॉस 13' के कंटेस्टेंट आसिम रियाज भी किसी न किसी कारण से शामिल नहीं हुए, जिनकी आरती से अच्छी बोंडिंग थी।
Next Story