मनोरंजन

'सरके चुनर' विवाद: विरोध के बाद यूट्यूब से हटाया गया गाना, अब नए वर्जन के साथ लौटेगा ट्रैक

jantaserishta.com
17 March 2026 3:34 PM IST
सरके चुनर विवाद: विरोध के बाद यूट्यूब से हटाया गया गाना, अब नए वर्जन के साथ लौटेगा ट्रैक
x
मुंबई: फिल्म इंडस्ट्री में अक्सर गाने रिलीज होते ही चर्चा का विषय बन जाते हैं, लेकिन कई बार यही गाने विवादों में भी घिर जाते हैं। हाल ही में फिल्म 'केडी- द डेविल' का गाना 'सरके चुनर' भी सुर्खियों में बना हुआ है। गाने के बोल और डांस को लेकर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई। शुरुआत में यह सिर्फ सोशल मीडिया तक सीमित था, लेकिन धीरे-धीरे इसमें बड़े नाम और संस्थाएं भी शामिल होती गईं और विवाद बढ़ता गया।
इसी बीच मेकर्स ने बड़ा फैसला लेते हुए गाने को यूट्यूब से हटा दिया और अब इसे नए वर्जन में वापस लाने की तैयारी कर रहे हैं। 'सरके चुनर' गाने को संजय दत्त और नोरा फतेही पर फिल्माया गया था। रिलीज के बाद ही कई लोगों ने इसके बोल को आपत्तिजनक और डबल मीनिंग बताया। साथ ही गाने की कोरियोग्राफी को भी भड़काऊ करार दिया। गाने की आलोचना तेजी से बढ़ती गई।
विवाद बढ़ता देख मेकर्स ने गाने को यूट्यूब से हटा दिया। साथ ही इस गाने को नए वर्जन के साथ तैयार करने का फैसला लिया, जिसमें गाने के बोल बदले जाएंगे, ताकि किसी की भावनाएं आहत न हों। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं है कि यह नया गाना कब तक रिलीज होगा, लेकिन मेकर्स इसे जल्द ही दर्शकों के सामने लाने की कोशिश में हैं।
इस मामले ने तब और तूल पकड़ लिया जब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने गाने को लेकर नोटिस जारी किया। आयोग ने गाने में इस्तेमाल किए गए शब्दों को लेकर चिंता जताई और इस पर जवाब मांगा।
इसके अलावा, वकील और सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदल ने भी गाने के खिलाफ दिल्ली पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि गाने के बोल अश्लील हैं और यह समाज, खासकर बच्चों पर गलत असर डाल सकते हैं। उन्होंने मेकर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिल्म इंडस्ट्री के कुछ सितारों ने भी इस पर अपनी राय रखी। मशहूर गायक अरमान मलिक ने इसे गीत लेखन का 'सबसे निचला स्तर' बताया, जबकि पूर्व क्रिकेटर और राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह ने भी गाने और इसमें काम करने वाले कलाकारों की आलोचना की।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story