
Maharashtra महाराष्ट्र: महाराष्ट्र के सांगली जिले में सिंगर और कंपोज़र पलाश मुच्छल के खिलाफ धोखाधड़ी और जाति के आधार पर गाली-गलौज के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत सोशल वर्कर विज्ञान माने ने दर्ज कराई है, जो क्रिकेटर स्मृति मंधाना के बचपन के दोस्त बताए जा रहे हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फिल्म प्रोजेक्ट से जुड़े काम के दौरान वित्तीय धोखाधड़ी की गई और जातिगत आधार पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।
पुलिस के अनुसार, पलाश मुच्छल के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित धोखाधड़ी से जुड़े धाराओं में केस दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि प्रोजेक्ट के दौरान समझौते के अनुसार काम नहीं किया गया और आर्थिक लेन-देन में गड़बड़ी की गई।
इस बीच विवाद बढ़ने के दौरान पलाश मुच्छल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की है, जिसमें वह धार्मिक स्थलों की यात्रा करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने खाटू श्याम जी और सालासर बालाजी मंदिर की यात्रा की तस्वीरें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड की हैं। इन तस्वीरों में वह मंदिर में भगवान के सामने सिर झुकाते दिखाई दे रहे हैं।
अपनी पोस्ट के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, “जहां सिर झुका, वहां सुकून मिला।” इसके साथ उन्होंने खाटू श्याम जी, सालासर बालाजी और जीवन माता जी का उल्लेख भी किया। यह पोस्ट ऐसे समय में सामने आई है जब उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चर्चा तेज है।
बताया जा रहा है कि विवादित प्रतिक्रिया से बचने के लिए उन्होंने अपने पोस्ट के कमेंट सेक्शन को बंद कर दिया है। सोशल मीडिया पर उनकी इस पोस्ट को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती स्तर पर शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले ने मनोरंजन और खेल जगत से जुड़े कुछ नामों को भी चर्चा में ला दिया है, क्योंकि शिकायत में व्यक्तिगत संबंधों और पेशेवर विवाद दोनों का उल्लेख किया गया है।
फिलहाल जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है। आने वाले दिनों में इस केस से जुड़े और तथ्य सामने आने की संभावना है, जिसके बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।





