मनोरंजन

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में समय रैना का मजेदार रोस्ट, आलिया भट्ट पर किया कमेंट

Ratna Netam
28 July 2026 6:12 PM IST
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में समय रैना का मजेदार रोस्ट, आलिया भट्ट पर किया कमेंट
x

मनोरंजन : कॉमेडियन समय रैना अपनी बेबाक कॉमेडी और अनोखे अंदाज के लिए जाने जाते हैं। वह अक्सर अपने शो में मेहमानों और कलाकारों के साथ मजेदार बातचीत करते नजर आते हैं। खास बात यह है कि समय किसी को भी रोस्ट करने से पीछे नहीं हटते और उनकी हाजिरजवाबी दर्शकों को खूब पसंद आती है। अब उनके चर्चित शो इंडियाज गॉट लेटेंट के नए एपिसोड में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जहां उन्होंने बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता राघव जुयाल को लेकर मजेदार टिप्पणी कर दी।

हाल ही में रिलीज हुए एपिसोड में अभिनेता और डांसर राघव जुयाल अपनी को-स्टार निहारिका एनएम के साथ शो में पहुंचे। दोनों अपनी आने वाली फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' के प्रमोशन के लिए शो में आए थे। इस दौरान उनके साथ पैनल में कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी और रोहिन जोशी भी मौजूद थे। एपिसोड के दौरान समय रैना ने अपने खास अंदाज में मेहमानों के साथ मजाक किया और कई मौकों पर रोस्टिंग करते नजर आए।

शो में राघव जुयाल अपनी फिल्म का जिक्र करते हुए कहते हैं कि उनकी फिल्म आने वाली है, जिसका नाम 'भाई तेरा स्टार है' है। इस पर समय रैना तुरंत मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि कितनी बार खुद ही बताना पड़ेगा कि तू कैसा स्टार है। समय के इस जवाब को सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंसने लगते हैं।

इसके बाद बातचीत के दौरान राघव कहते हैं कि कोई नहीं, आलिया भट्ट ने भी खुद ही बताया था। राघव के इस बयान पर समय ने तुरंत जवाब देते हुए कहा, "उसकी भी नहीं चली फिर।" समय की यह बात सुनकर शो में मौजूद सभी लोग हंस पड़े। वहीं राघव जुयाल इस मजाक पर शांत नजर आए और उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

समय रैना ने सिर्फ आलिया भट्ट को ही नहीं, बल्कि राघव जुयाल को भी अपने मजाकिया अंदाज में रोस्ट किया। शो से सामने आए एक वीडियो में समय राघव को लेकर कहते हैं कि उन्होंने खुद कहा है कि कोई छोटे-मोटे रोल या साइड रोल हों तो प्रोड्यूसर मेरे पास न आएं। इसके बाद समय मजाक करते हुए कहते हैं कि क्या कॉन्फिडेंस है, भिखारी भी चुन सकते हैं। समय के इस अंदाज पर दर्शकों ने भी खूब प्रतिक्रिया दी।

राघव जुयाल इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म उनकी सोलो लीड फिल्मों में से एक है। फिल्म का निर्देशन विवेक बी बंसल ने किया है। फिल्म में राघव जुयाल के साथ निहारिका एनएम, संजय कपूर, बरखा सिंह और चंदन रॉय सान्याल जैसे कलाकार नजर आएंगे। यह फिल्म 30 जुलाई को रिलीज होने वाली है।

राघव जुयाल अपने डांस और कॉमेडी टाइमिंग के लिए पहले से ही दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं। फिल्मों में भी उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाकर अपनी पहचान बनाई है। हाल के वर्षों में उन्होंने गंभीर भूमिकाओं में भी अपनी अभिनय क्षमता दिखाई है।

वहीं, राघव जुयाल की निजी जिंदगी भी इन दिनों चर्चा में बनी हुई है। उनका नाम अभिनेत्री शहनाज गिल के साथ जोड़ा जा रहा है। कुछ समय पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें राघव शहनाज को भीड़ से बचाते हुए नजर आए थे। वीडियो में वह उन्हें अपनी गाड़ी तक ले जाते दिखाई दिए थे, जिसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर चर्चाएं तेज हो गई थीं।

हालांकि राघव और शहनाज ने अपने रिश्ते को लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। फिलहाल राघव अपनी फिल्म के प्रमोशन में व्यस्त हैं और समय रैना के शो में उनकी मौजूदगी ने दर्शकों का खूब मनोरंजन किया है। समय की रोस्टिंग और कलाकारों की मजेदार बातचीत वाला यह एपिसोड सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

Next Story