मनोरंजन

'पंचायत' के सीजन-3 में होगी सचिवजी और रिंकी की शादी

Subhi
5 Jun 2022 2:44 AM GMT
पंचायत के सीजन-3 में होगी सचिवजी और रिंकी की शादी
x
'पंचायत' सर्वश्रेष्ठ हिंदी कॉमेडी-ड्रामा वेब सीरीज में से एक बन गई है। इस वेब सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, चंदन रॉय और फैसल मलिक ने अभिनय किया है।

'पंचायत' सर्वश्रेष्ठ हिंदी कॉमेडी-ड्रामा वेब सीरीज में से एक बन गई है। इस वेब सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, चंदन रॉय और फैसल मलिक ने अभिनय किया है। अमेजन प्राइम वीडियो के लिए प्रोडक्शन कंपनी 'द वायरल फीवर' (टीवीएफ) ने इस सीरीज का निर्माण किया है। 'पंचायत' का हाल ही में 'दूसरा सीजन' जारी किया गया था जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। अब दर्शक इसके तीसरे सीजन का बेसब्री इंतजार कर रहे हैं।

'पंचायत' एक इंजीनियरिंग छात्र अभिषेक त्रिपाठी (जितेंद्र कुमार) के जीवन पर आधारित है जो उत्तर प्रदेश के एक सुदूर फुलेरा गांव में पंचायत सचिव बनता है। अभिषेक बेहतर नौकरी के विकल्पों की कमी के कारण पंचायत सचिव के पद को जॉइन करता है। 'पंचायत 2' पर प्रशंसकों और आलोचकों ने निर्माताओं पर खूब प्यार बरसाया। 'पंचायत' के निर्माता ने जबसे तीसरे सीजन को जारी करने की पुष्टि की है तबसे फैन्स इसका इंतजार नहीं कर पा रहे हैं। 'पंचायत' के फैन्स स्टोरी और रिलीज की तारीख जानने के लिए उत्सकु हैं।

हालांकि 'पंचायत' के निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने ये नहीं बताया है कि इसका तीसरा सीजन कब आएगा। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि वे इसका तीसरा सीजन बनाने की योजना बना रहे हैं, लेकिन इसे लेकर उन्हें कोई जल्दबाजी नहीं है। मिश्रा ने बताया कि 'सीजन 3' बेशक आएगा लेकिन इसमें समय लगेगा। अभी हमारे पास दो सीजन की जिम्मेदारी है और हमें इसी तरह परफॉर्मेंस और स्क्रिप्ट पर ज्यादा ध्यान केंद्रित करना होगा। इस तरह यह अपना समय लेगा।

'पंचायत' के मुख्य पात्रों अभिषेक और रिंकी (जितेंद्र कुमार और सांविका) पर टिप्पणी करते हुए निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने 'पंचायत' के तीसरे सीजन में उनके रोमांटिक ट्रैक पर प्रकाश डाला है। दूसरे सीजन में उन्होंने (पंचायत सचिव अभिषेक और रिंकी) शादी नहीं की थी। उन्होंने आगे बताया कि पंचायत के सीजन तीन में धीरे-धीरे ऐसा होता हुआ दिखेगा। उन्होंने आगे कहा, ''जैसा कि मैंने कहा, हर चीज का अपना समय लगता है। गांव की प्रकृति की तरह ही सबकुछ धीमी गति से होगा। धीरे-धीरे सब होगा।"

'पंचायत' की सफलता को लेकर उन्होंने कहा, यह शो की सादगी की वजह से हुआ है। शो का नाम भी पंचायत इसे यही सादगी देने की वजह से रखा गया है। उन्होंने कहा कि इन दिनों ओटीटी पर क्रूर हिंसा वाली वेब सीरीज की भरमार है। ऐसे में 'पंचायत' की सादगी ही उसे अलग बनाती है। 'पंचायत' के हर किरदार में लोग खुद को देख पाते हैं। इन घटनाओं से खुद को जोड़ पाते हैं।

पंचायत के दूसरे सीजन के क्लाइमैक्स को भावुक बनाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि निर्माता सीरीज के अंत में कुछ ऐसा चाहते थे जो लोगों को बांध कर रखे। इसके लिए कई विकल्पों पर विचार किया गया। कहानी में विधायक का रौब आ गया था, दुर्गेश ने परेशान कर रखा था, सचिव जी और प्रधान जी में अनबन थी, ऐसे में कुछ ऐसा चाहिए था जो इस गैंग को एक कर दे। 'पंचायत' का पहला सीजन अप्रैल, 2020 में आया था। जबकि दूसरा सीजन 18 मई, 2022 को जारी किया गया था। दोनों ही सीजन में औसतन 30-35 मिनट के आठ-आठ एपिसोड हैं।


Next Story