मनोरंजन

सोशल मीडिया पर उड़ी प्रेम चोपड़ा के निधन की अफवाह, एक्टर ने कहा - अरे मैं जिंदा हूं

Neha Dani
28 July 2022 5:44 AM GMT
सोशल मीडिया पर उड़ी प्रेम चोपड़ा के निधन की अफवाह,  एक्टर ने कहा - अरे मैं जिंदा हूं
x
इसके बाद उन्होंने कोई नई फिल्म साइन नहीं की।

बॉलीवुड एक्टर्स की चाहने वालों की लंबी तादाद है। फैंस उनके बारे में जानना चाहते हैं। लेकिन कुछ लोग ऐसे हैं जो एक्टर्स को लेकर गलत अफवाह फैलाते हैं। एक्टर्स को भी इससे काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब प्रेम चोपड़ा बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर हैं। उन्होंने अपने करियर में कई सालों तक विलेन बनकर दर्शकों का दिल जीता। लेकिन आज एक्टर तब परेशान हो गए जब उन्हें उनके परिवार और दोस्तों के मैसेज आने लगे और उनका हाल-चाल पूछने लगे। वे यह जानना चाहते थे कि क्या प्रेम चोपड़ा जिंदा हैं। एक्टर को इन कॉल्स के जरिए पता चला कि उनके निधन की अफवाह फैलाई जा रही है।


ई टाइम्स से बात करते हुए प्रेम ने कहा, 'यह बहुत दुख की बात है। कुछ लोग ये झूठी खबर फैलाकर कि मैं मर गया हूं, बाकी लोगों को परेशान कर रहे हैं। लेकिन मैं यहां हूं और सब ठीक है।'

'आज सुबह से मुझे कितनी सारी कॉल्स आ गई हैं। राकेश रोशन ने मुझे कॉल किया, अमोद मेरा (ट्रेड एनालिस्ट) ने मुझे कॉल किया। मुझे नहीं पता किसी ने मेरे साथ ऐसा क्यों किया। इसके अलावा मैं आपको बता दूं कि ऐसा ही कुछ किसी ने मेरे दोस्त जितेंद्र के साथ भी किया था। यह 4 महीने पहले की बात है जब जितेंद्र को लेकर ऐसी अफवाह आई थी। अब इसे रोकने की जरूरत है।'

बता दें कि इसी साल जनवरी में प्रेम चोपड़ा और उनकी पत्नी उमा चोपड़ा की तबीयत खराब हो गई थी। दोनों को कोविड हो गया था और इसके बाद दोनों को लीलावती अस्पताल में भर्ती किया गया था। ठीक होने के बाद दोनों को घर ले आए थे। अब दोनों घर में अपना पूरा ध्यान रख रहे हैं।


प्रेम चोपड़ा की प्रोफेशनल लाइफ की बात करें तो वह लास्ट फिल्म बंटी और बबली 2 में नजर आए थे। यह फिल्म साल 2021 में रिलीज हुई थी। इसके बाद उन्होंने कोई नई फिल्म साइन नहीं की।

Next Story