मनोरंजन

'RRR' ने रचा इतिहास: 100 करोड़ का पड़ाव बस इतनी दूर

Neha Dani
29 March 2022 9:44 AM GMT
RRR ने रचा इतिहास: 100 करोड़ का पड़ाव बस इतनी दूर
x
अजय देवगन और आलिया भट्ट ने स्पेशल एपीयरेंस किया है।

एसएस राजामौली की फिल्म आरआरआर हिंदी बेल्ट के बॉक्स ऑफिस पर जोरदार सफर जारी है और 100 करोड़ के पहले अहम पड़ाव की ओर तूफानी रफ्तार से बढ़ रही है। ओपनिंग वीकेंड में 74 करोड़ का कलेक्शन कर चुकी आरआरआर (हिंदी) ने पहले सोमवार को भी बेहतरीन कमाई की है और आज 100 करोड़ के पार पहुंच सकती है।

ट्रेड जानकारों के पूर्वानुमान के अनुसार, 25 मार्च को सिनेमाघरों में पहुंची आरआर ने रिलीज के चौथे दिन सोमवार को 15-18 करोड़ का कलेक्शन किया है। इन आंकड़ों के अनुसार, आरआरआर के चार दिनों के कलेक्शंस 89-92 करोड़ की रेंज में पहुंच चुके हैं, यानी फिल्म को 100 करोड़ के लिए अब 8-11 करोड़ की ही दरकार है, जो मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए आज यानी मंगलवार को मिलने की पूरी उम्मीद है। अगर ऐसा हुआ तो हिंदी भाषा में पांच दिनों में 100 करोड़ का पड़ाव पार करने वाली आरआरआर 2022 की पहली फिल्म बन जाएगी। इससे पहले द कश्मीर फाइल्स को 100 करोड़ तक पहुंचने में आठ दिन लगे थे।
गंगूबाई काठियावाड़ी और द कश्मीर फाइल्स के बाद 100 करोड़ कमाने वाली आरआरआर साल 2022 की तीसरी फिल्म होगी। राजामौली निर्देशित फिल्म तेलुगु के साथ हिंदी और अन्य दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी बड़े पैमाने पर रिलीज की गयी थी। फिल्म के हिंदी वर्जन ने 19 करोड़ की शानदार ओपनिंग ली थी, जबकि शनिवार को 24 करोड़ और रविवार को 31.50 करोड़ का कलेक्शन करते हुए ओपनिंग वीकेंड में ही 74.40 करोड़ जुटा लिये थे।
आरआरआर वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर भी गदर काटे हुए और रिलीज के तीन दिनों में ही 500 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन वर्ल्डवाइड कर लिया था। बाहुबली 2 के पांच साल बाद आयी राजामौली की फिल्म अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी विशालता और भव्यता के लिए सराही जा रही है। ब्रिटिश दौर की इस कहानी में राम चरण और एनटीआर जूनियर ने मुख्य भूमिकाएं निभायी हैं, वहीं अजय देवगन और आलिया भट्ट ने स्पेशल एपीयरेंस किया है।


Next Story