मनोरंजन

रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह फिर से धमाल मचाने को तैयार, सर्कस फिल्म की शूटिंग की शुरू

Neha Dani
18 Nov 2020 10:29 AM GMT
रोहित शेट्टी और रणवीर सिंह फिर से धमाल मचाने को तैयार, सर्कस फिल्म की शूटिंग की शुरू
x
अपना अलग तरह का सिनेमा बनाने के लिए पहचाने जाने वाले निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी |

जनता से रिश्ता वेबडेस्क| अपना अलग तरह का सिनेमा बनाने के लिए पहचाने जाने वाले निर्माता और निर्देशक रोहित शेट्टी ने अपनी अगली फिल्म 'सर्कस' की शूटिंग बीते सोमवार से शुरू कर दी है। सूत्रों के हवाले से मिली खबर के मुताबिक रोहित शेट्टी ने अपना पहला शेड्यूल मुंबई स्थित महबूब स्टूडियोज में फिल्म के मुख्य अभिनेता रणवीर सिंह, पूजा हेगड़े और वरुण शर्मा के साथ शुरू किया है। देश के मौजूदा माहौल को देखते हुए रोहित ने फिल्म का मुहूर्त बहुत ही शांत माहौल में किया जिससे उनके ऊपर लोगों का ध्यान न जाए। इस फिल्म का शुभारंभ ठीक वैसे हुआ जैसे इस बुधवार को गुपचुप तरीके से शाहरुख खान ने अपनी फिल्म 'पठान' का किया।

कुछ समय पहले रोहित ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करके अपने प्रशंसकों को यह जानकारी दी कि वह विलियम शेक्सपियर के लिखे नाटक 'द कॉमेडी ऑफ एरर्स' पर आधारित एक फिल्म 'सर्कस' बनाएंगे। इस नाटक पर आधारित एक फिल्म गुलजार भी बना चुके हैं जिसका शीर्षक 'अंगूर' है। रोहित की फिल्म के लिए मुख्य अभिनेता के रूप में रणवीर सिंह का नाम सामने आया और अभिनेत्री रहेंगी पूजा हेगड़े और जैकलीन फर्नांडिस। फिल्म की शुरुआत में जैकलीन फिलहाल इस शेड्यूल का हिस्सा नहीं बन पाई हैं क्योंकि वह इस समय अपनी फिल्म 'भूत पुलिस' की शूटिंग सैफ अली खान, यामी गौतम और अर्जुन कपूर के साथ धर्मशाला में कर रही है। जल्द ही वह सर्कस की टीम का हिस्सा बनेंगी।

रोहित ने 'सर्कस' का पहला शेड्यूल मुंबई में शुरू किया है और उसके बाद वह रामोजी फिल्म सिटी, हैदराबाद भी जाएंगे। एक शेड्यूल उन्होंने गोवा के लिए भी तय कर रखा है। इस कॉमेडी ड्रामा फिल्म में रणवीर सिंह दोहरा किरदार निभाने वाले हैं। यह दूसरा मौका है जब रोहित और रणवीर एक साथ एक फिल्म में काम कर रहे हैं। इससे पहले वह वर्ष 2018 में आई फिल्म 'सिम्बा' में साथ काम कर चुके हैं। यह फिल्म रोहित की पुलिस फ्रेंचाइजी की तीसरी किस्त रही। रोहित की इसी फ्रेंचाइजी की चौथी किस्त 'सूर्यवंशी' के रूप में तैयार है। अक्षय कुमार की यह फिल्म सिनेमाघरों में अगले साल जनवरी से मार्च के बीच में रिलीज हो सकती है।


Next Story