मनोरंजन
रेखा के पिता जैमिनी गणेशन ने की थी 4 शादियां, जिंदगी भर प्यार के लिए तरसीं
Rounak Dey
10 Oct 2022 6:00 AM

x
यही वजह है कि सिनेमाई दुनिया में शुरुआत में रेखा को कई मुसीबतों और कड़े स्ट्रग्ल से गुजरना पड़ा।
रेखा (Rekha) 10 अक्टूबर को अपना 68वां जन्मदिन मना रही है। दिग्गज फिल्म अभिनेत्री रेखा ने अपने फिल्मी करियर में एक से बढ़कर एक शानदार फिल्में दी। हालांकि उनकी निजी जिंदगी हमेशा ही विवादों में रही। अदाकारा रेखा के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) के साथ कथित अफेयर की खबरों ने उम्र भर उन्हें लाइमलाइट में रखा। वहीं, कम उम्र में ही विधवा हो जाना, विधवा होने के बाद भी मांग में सिंदूर भरना... रेखा से जुड़े कई बातें हैं जो हमेशा उनके इर्दगिर्द एक मिस्ट्री बनाती हैं। खुद रेखा ने भी कभी अपने से जुड़ी संशय वाली खबरों पर रिएक्शन नहीं दिया। अदाकारा रेखा तमिल फिल्मों के दिग्गज फिल्म स्टार जेमिनी गणेशन की बेटी हैं। बावजूद इसके वो जिंदगी भर अपने पिता के प्यार के लिए तरसीं।
रेखा के पिता जैमिनी गणेशन ने की थी 4 शादियां
दरअसल, रेखा... जैमिनी गणेशन और पुष्पवेल्ली की बेटी हैं। जैमिनी गणेशन ने शादीशुदा होने के बाद पुष्पवेल्ली के साथ रिश्ते बनाए थे। उन्होंने उनके साथ शादी की और ये कपल 2 बेटियों के पैरेंट्स बने। हालांकि रेखा के पिता जैमिनी गणेशन ने मीडिया के सामने कभी खुलकर पुष्पवेल्ली के साथ अपने रिश्तो को नहीं स्वीकारा। न ही उनके बच्चों को वो सम्मान दिया जो उन्होंने अपनी पहली पत्नी अल्लामेयु के साथ अपने बच्चों को दिया। अल्लामेयु औऱ पुष्पवेल्ली के अलावा जैमिनी गणेशन ने सावित्री के साथ भी शादी की थी। जिनसे उन्हें दो बच्चे थे। इसके अलावा जैमिनी गणेशन ने जूलियाना एंड्रयू के साथ भी शादी रचाई थी।
रेखा को नहीं मिला बाप का प्यार
अदाकारा रेखा का शुरुआती जीवन मुश्किलों में बीता। अदाकारा रेखा को उनके पिता जैमिनी गणेशन ने कभी नहीं स्वीकारा था। उनका बचपन पिता के प्यार से दूर बीता था। जिसका दुख हमेशा रेखा को सालता रहा था। हालांकि बावजूद इसके वो अपने पिता से बहुत प्यार करती थीं।
साउथ सुपरस्टार पिता के बावजूद रेखा ने झेली एक्टिंग वर्ल्ड में मुसीबतें
क्योंकि रेखा के पिता ने उन्हें और उनकी बहन को कभी नहीं स्वीकारा था। इसलिए उन्होंने रेखा को एक्टिंग की दुनिया में कदम रखने में भी खास मदद नहीं की थी। यही वजह है कि सिनेमाई दुनिया में शुरुआत में रेखा को कई मुसीबतों और कड़े स्ट्रग्ल से गुजरना पड़ा।
Next Story