मनोरंजन

एक बार फिर से प्रसारित होने जा रही है रामायण, जानें क्या होगा समय

Ritisha Jaiswal
14 April 2021 11:18 AM IST
एक बार फिर से प्रसारित होने जा रही है रामायण, जानें क्या होगा समय
x
देश में कोरोना महामारी एक बार फिर से कहर बरपा रही है। ऐसे में कइयों का कहना है

जनता से रिश्ता वेबडेस्क | देश में कोरोना महामारी एक बार फिर से कहर बरपा रही है। ऐसे में कइयों का कहना है कि लॉकडाउन लगने की संभावना बढ़ती नजर आ रही है। लोगों का घर पर मन लगा रहे और उनका समय सकारात्मकता के साथ गुजरे, इसको लेकर एक बार फिर से रामायण शुरू की जा रही है। रामायण भारतीय टेलीविजन के सबसे प्रतिष्ठित शो में से एक है।

रामानंद सागर की रामायण पिछले साल लॉकडाउन के समय में जब शुरू हुई थी तो इसने छोटे पर्दे पर टीआरपी के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। दर्शकों की डिमांड पर एक बार फिर से रामायण शुरू होने वाली है। इसे स्टार भारत पर शाम 7:30 बजे टेलीकास्ट किया जाएगा।रामायण में भगवान राम की कहानी में कई महत्वपूर्ण घटनाओं का वर्णन है, जो आज भी सभी परिस्थितियों, आयु और समूहों को जोड़ती है। वहीं पुरुषोत्तम राम के किरदार से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। रामायण में कई ऐसी घटनाएं हैं, जो आज भी लोगों को कठिनाइयों से उभरने में मदद करती हैं।
बता दें कि 1987 में पहली बार रामानंद सागर द्वारा बनाई गई रामायण टीवी पर ऑन एयर हुई थी। उस समय भी इसने टीआरपी के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। कहा जाता है कि रविवार को जब ये शो आता था तब सड़कें सुनसान हो जाती थीं, क्योंकि सभी लोग अपनी टीवी पर ये शो देखने में मग्न हो जाते थे।
रामायण में राम का किरदार अरुण गोविल ने निभाया है। लक्ष्मण का किरदार सुनील लहरी ने और सीता का किरदार दीपिका चिखलिया ने निभाया था। भगवान राम की कहानी में परेशानी से निकलने के लिए काफी समाधान सुझाए गए हैं जो लोगों के लिए प्रेरणादायक सिद्ध होते हैं।
भारत में कोरोना संक्रमण का कहर जारी है। देश में एक तरफ जहां कोरोना मरीजों का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है तो वहीं, कोरोना के कारण काफी संख्या में लोगों की मौत भी हो रही है। भारत में कोरोना के एक्टिव मामले अब 13 लाख के पार पहुंच गए हैं। पिछले कुछ दिनों का आंकड़ा देखें तो पता चलता है कि देश में लगातार डेढ़ लाख से अधिक कोरोना के पॉजिटिव मरीज मिल रहे हैं।

Next Story