मनोरंजन

द्रौपदी मुर्मू पर विवादित ट्वीट को लेकर राम गोपाल वर्मा के सिर से नहीं टली बला, एक और बीजेपी कार्यकर्ता ने की शिकायत

Neha Dani
17 July 2022 10:18 AM GMT
द्रौपदी मुर्मू पर विवादित ट्वीट को लेकर राम गोपाल वर्मा के सिर से नहीं टली बला, एक और बीजेपी कार्यकर्ता ने की शिकायत
x
हालांकि इस ट्वीट के बाद राम गोपाल वर्मा ने सफाई देते हुए कहा था कि वह किसी को आहत नहीं करना चाहते थे।

फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। बीते दिनों वह कथित तौर पर राष्ट्रपति पद की एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के बारे में अपमानजनक टिप्पणी कर खूब विवादों में आए। लोगों ने उनकी टिप्पणी का खूब विरोध किया और उनके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई। अब हाल ही में इसी मामले में राम गोपाल वर्मा के खिलाफ एक और शिकायत हुई है। उन पर यह शिकायत बीजेपी कार्यकर्ता सुभाष राजौरा ने की है और राम गोपाल वर्मा पर एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।



राजौरा ने अपनी शिकायत में कहा है कि राम गोपाल वर्मा ने जो ट्वीट किया था वह आक्रामक, अप्रिय और द्वेष की भावना से किया गया है और इसका उद्देश्य द्रौपदी मुर्मू की इमेज को खराब करना था।



फिल्ममेकर के खिलाफ राजौरा ने यह शिकायत बांद्रा मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कोर्ट में की है। इस शिकायत में राम गोपाल वर्मा पर मानहानि, जानबूझ कर बेइज्जत करने और शांतिभंग करने के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि इससे पहले राजौरा की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करने से इनकार कर दिया था जिसके बाद उन्होंने कोर्ट का रुख किया। अब कोर्ट इस मामले पर 10 अक्टूबर को सुनवाई करेगी।


बता दें, राम गोपाल वर्मा ने यह ट्वीट 22 जून को अपने ट्वीट में लिखा थ, 'अगर द्रौपदी राष्ट्रपति हैं तो पांडव कौन हैं? और सबसे जरूरी बात, कौरव कौन हैं?' हालांकि इस ट्वीट के बाद राम गोपाल वर्मा ने सफाई देते हुए कहा था कि वह किसी को आहत नहीं करना चाहते थे।




Next Story