मनोरंजन

रामायण के राम अरुण गोविल ने 'रावण' को दी अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि

Tara Tandi
6 Oct 2021 8:48 AM GMT
रामायण के राम अरुण गोविल ने रावण को दी अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि
x
दशहरे से लगभग दस दिन पहले छोटे पर्दे के दशानन यानी रावण अरविंद त्रिवेदी का निधन हो गया।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। दशहरे से लगभग दस दिन पहले छोटे पर्दे के दशानन यानी रावण अरविंद त्रिवेदी का निधन हो गया। रामायण धारावाहिक में इस किरदार को निभाकर लोगों के दिलों में समाये अरविंद त्रिवेदी का जाना मनोरंजन जगत के लिए भी दुखदायी ख़बर है। संगी-साथी और चाहने वाले अरविंद त्रिवेदी को याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

रामायण में राम का किरदार निभाने वाले कलाकार अरुण गोविल ने अरविंद त्रिवेदी के निधन पर कहा कि वो सामान्य जीवन में बेहद सरल स्वभाव के इंसान थे। अपने ट्वीट में अरुण ने लिखा- ''आध्यात्मिक रूप से रामावतार का कारण और सांसारिक रूप से एक बहुत ही नेक,धार्मिक, सरल स्वभावी इंसान और मेरे अतिप्रिय मित्र अरविंद त्रिवेदी जी को आज मानव समाज ने खो दिया। नि:संदेह वे सीधे परमधाम जाएंगे और भगवान श्रीराम का सानिध्य पाएंगे।''

अस्सी के दौर में दूरदर्शन पर प्रसारित हुए रामायण धारावाहिक में रावण के किरदार को अरविंद त्रिवेदी ने जिस ढंग से जीया, वैसा करिश्मा कोई दूसरा कलाकार नहीं कर पाया। धारावाहिकों और फ़िल्मों में तमाम कलाकारों ने रावण के किरदार को निभाया है, मगर आज भी जब रावण की बात चलती है तो ज़हन में अरविंद त्रिवेदी ही आते हैं। पिछले साल जब कोविड-19 लॉकडाउन के दौरान रामायण का पुन: प्रसारण हुआ तो टीवी पर एपिसोड देखते हुए उनकी फोटो सोशल मीडिया में वायरल हुई थीं।


अरविंद त्रिवेदी गुजराती मनोरंजन इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकार थे। लगभग 40 साल के करियर में उन्होंने कई फ़िल्मों और धारावाहिकों में काम किया था। 1987-88 में रामायण के प्रसारण के समय उनकी उम्र 49 साल थी। रामायण के अलावा अरविंद त्रिवेदी ने विक्रम और बेताल और विश्वामित्र धारावाहिकों में भी काम किया था। इन दोनों में अरुण गोविल ने मुख्य भूमिकाएं निभायी थीं। लंबे समय से बीमार चल रहे 83 साल के अरविंद त्रिवेदी का निधन 6 अक्टूबर की सुबह दिल का दौरा पड़ने से हुआ।


Next Story