मनोरंजन

शादी में पुलकित की आंखें भर आईं, सामने आया वीडियो

SANTOSI TANDI
16 April 2024 7:21 AM GMT
शादी में पुलकित की आंखें भर आईं, सामने आया वीडियो
x
मुंबई : एक्ट्रेस कृति खरबंदा और एक्टर पुलकित सम्राट ने लंबे समय तक रिलेशनशिप के बाद शादी कर ली है। दोनों की कई तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर छाए हुए हैं। अब उनका एक और वीडियो सोशल मीडिया पर धूम मचा रहा है। इसमें दोनों जहां शादी के पलों को खूब एंजॉय कर रहे हैं, तो वहीं एक-दूजे के होते ही दोनों इमोशनल भी होते नजर आए। पुलकित और कृति ने 15 मार्च को दिल्ली के पास मानेसर में अपने परिवार व करीबियों की मौजूदगी में शादी रचाई थी।
कपल ने आज सोमवार (15 अप्रैल) को शादी का एक महीना पूरा होने पर अपने इंस्टाग्राम पर एक और खूबसूरत वीडियो शेयर किया है, जिसमें वेडिंग फंक्शन की कई झलक दिख रही है। इसे शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा, “हमने खुद को ढूंढा, फिर हमने एक-दूसरे को ढूंढ लिया और यह सबसे खूबसूरत तरह का प्यार है। शादी को हुए एक महीना हो गया, लेकिन हमारा फॉरएवर वाला प्यार पहले ही शुरू हो गया है।”
वीडियो की शुरुआत में पुलकित, कृति के लिए प्यारी सी कविता कहते देखे जा सकते हैं जिसे सुनते ही वह इमोशनल हो जाती हैं और दोनों एक-दूसरे को गले लगा लेते हैं। इसमें हल्दी, मेहंदी और कॉकटेल पार्टी में कपल परिवार के साथ जश्न मनाता नजर आ रहा है। एक क्लिप में पुलकित को हर ओर अपनी दुल्हन को खोजते हुए देखा गया। वह 'ओये दुल्हन' कहकर अपनी लेडी लव को बुलाते रहे।

पुलकित की आवाज सुन कृति भी उनके पास दौड़ी चली आईं और उन्हें गले लगा लिया। दोनों एक-दूजे के होते ही इमोशनल हो जाते हैं। कपल जैसे ही सात फेरे लेकर सात वचन पूरे करते हैं, वैसे ही पुलकित की आंखें आंसुओं से भर जाती हैं। उन्हें देख कृति भी भावुक हो जाती हैं और दोनों गले लगकर खुशी जाहिर करते हैं। उनका परिवार भी खुशी मनाता दिख रहा है। गौरतलब है कि पुलकित और कृति करीब 5 साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे।
Next Story