
x
मुंबई : फिल्ममेकर प्रियदर्शन ने बताया है कि अक्षय कुमार कभी भी 'हैवान' के ओरिजिनल प्लान का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने आगे बताया कि फिल्म के लिए उन्होंने सिर्फ़ सैफ अली खान को ही एक्टर के तौर पर कन्फर्म किया था, लेकिन अक्षय कुमार के साथ हुई एक अचानक बातचीत ने सब कुछ बदल दिया।
मीडिया से खास बातचीत में डायरेक्टर ने बताया कि विलेन (खलनायक) की कास्टिंग एक चुनौती साबित हुई क्योंकि कई एक्टर्स ने यह रोल करने से मना कर दिया था।
प्रियदर्शन ने कहा, "असल में, आप पहले तय करते हैं कि स्क्रिप्ट में कौन चाहिए और फिर सोचते हैं कि कौन उस किरदार में फिट बैठेगा। साथ ही, आप ऐसी फिल्म की मार्केट वैल्यू पर भी विचार करते हैं। कास्टिंग के समय ये सभी बातें मायने रखती हैं।"
उन्होंने कहा कि जहां सैफ शुरू से ही तय थे, वहीं फिल्म के विलेन को ढूंढना मुश्किल हो गया था।
उन्होंने बताया, "इस फिल्म में सैफ ही एकमात्र एक्टर थे जिन्हें मैंने कन्फर्म किया था। मैंने कई लोगों के साथ विलेन का रोल करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाया।"
प्रियदर्शन ने याद करते हुए बताया कि 'भूत बंगला' की शूटिंग के दौरान उन्होंने अक्षय कुमार से इस रोल के बारे में यूं ही बात की थी।
"जब मैं 'भूत बंगला' की शूटिंग कर रहा था, तो मैंने अक्षय से यूं ही कहा कि मैं ऐसे किरदार की तलाश में हूं और कई लोग इसके लिए तैयार नहीं हो रहे हैं। उन्होंने तुरंत कहा, 'मैं यह करूंगा।'"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने सोचा कि अगर वह इसे करने के लिए तैयार हैं, तो ठीक है। मैं अपनी फिल्म में एक अलग अक्षय कुमार को देख सकता हूं, जैसा मैंने पहले कभी नहीं देखा था। इसी बात ने मुझे सबसे ज़्यादा उत्साहित किया।"
प्रियदर्शन ने आगे कहा, "उन्होंने कहा कि वह हमेशा से एक साइको किरदार निभाना चाहते थे, और बस ऐसे ही यह सब हो गया।"
कास्टिंग के सफर के बारे में बात करते हुए फिल्ममेकर ने कहा, "अगर आप मुझसे पूछें, तो सैफ और अक्षय के साथ इस फिल्म की कोई योजना नहीं थी, लेकिन यह हो गई।"
जानकारी के लिए बता दें कि 'हैवान' के साथ प्रियदर्शन और अक्षय कुमार 18 साल और कई सफल फिल्मों के बाद फिर से साथ आ रहे हैं। यह फिल्म 11 सितंबर को रिलीज़ होने वाली है।
Next Story





