मनोरंजन

मुंबई छोड़कर सुकून की तलाश में लोग, मिलिंद सोमन बोले- ज्यादातर लोगों को चाहिए शांत जगह

jantaserishta.com
24 March 2026 1:10 PM IST
मुंबई छोड़कर सुकून की तलाश में लोग, मिलिंद सोमन बोले- ज्यादातर लोगों को चाहिए शांत जगह
x
मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई को सपनों का शहर कहा जाता रहा है। जहां पहले लोगों का सपना मुंबई में आकर बसना होता था, वहीं अब बड़ी संख्या में लोग शहर छोड़कर शांत और खुली जगहों की ओर रुख कर रहे हैं। खासकर कोविड के बाद यह बदलाव ज्यादा देखने को मिला है।
लोगों ने अपने जीवन में सेहत और पर्सनल स्पेस को ज्यादा महत्व देना शुरू किया। इसी बदलती सोच पर अभिनेता और फिटनेस आइकन मिलिंद सोमन ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में अपनी राय रखी।
आईएएनएस से बात करते हुए मिलिंद सोमन ने कहा, ''आजकल बहुत से लोग मुंबई छोड़ना चाहते हैं क्योंकि उन्हें ज्यादा खुली और शांत जगह चाहिए। लोग अब भीड़-भाड़ से दूर जाकर ऐसी जगह रहना पसंद कर रहे हैं, जहां उन्हें गार्डन, पेड़-पौधे और सुकून भरा माहौल मिल सके। जिन लोगों के पास यह विकल्प है, वे शहर छोड़कर बाहर बसने का फैसला ले रहे हैं।''
मिलिंद ने आगे कहा, ''कई लोग अब जमीन खरीद रहे हैं और खेती की ओर भी रुख कर रहे हैं। यह सिर्फ रहने की जगह बदलने का मामला नहीं है, बल्कि एक नई लाइफस्टाइल अपनाने की कोशिश है। लोग अब भागदौड़ भरी जिंदगी से हटकर सरल और प्रकृति के करीब जीवन जीना चाहते हैं।''
अपने बयान में उन्होंने यह भी माना कि मुंबई का आकर्षण आज भी खत्म नहीं हुआ है। कुछ लोग ऐसे हैं जो इस शहर की भीड़, एनर्जी और एक्साइटमेंट को ही पसंद करते हैं और यहीं रहना चाहते हैं। जब उनसे मुंबई के बदलते रूप के बारे में पूछा गया, तो मिलिंद ने कहा, ''मैंने इस शहर को बहुत करीब से देखा है। पहले कभी मुंबई छोटे-छोटे द्वीपों का समूह हुआ करती थी, लेकिन अब यह धीरे-धीरे एक बड़ा शहर बन गई।''
उन्होंने अपने बचपन की यादें साझा करते हुए शिवाजी पार्क का भी जिक्र किया और कहा कि भले ही आसपास बहुत कुछ बदल गया हो, लेकिन इस जगह की खासियत आज भी बरकरार है। आईएएनएस ने उनसे जब पूछा कि शहर में सबसे बड़ा बदलाव क्या है, तो इस सवाल पर मिलिंद ने ट्रैफिक को सबसे बड़ी समस्या बताया। उन्होंने कहा, ''पहले लोगों के पास कम गाड़ियां होती थीं, लेकिन अब एक-एक परिवार में कई कारें हो गई हैं, जिससे सड़कों पर भीड़ बढ़ गई है। यह विकास का एक हिस्सा है और इसे पूरी तरह रोका नहीं जा सकता, क्योंकि हर व्यक्ति बेहतर जिंदगी और सुविधाएं चाहता है।''
मिलिंद सोमन ने कहा, ''इंटरनेट और डिजिटल दुनिया ने लोगों के लिए नए रास्ते खोल दिए हैं। अब लोग दूर-दराज के इलाकों में रहकर भी अपना काम आसानी से कर सकते हैं। यही वजह है कि अब शहर में रहने की मजबूरी कम हो गई है और लोग अपनी पसंद के हिसाब से जगह चुन पा रहे हैं।''
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story