मनोरंजन

बाली में हादसे के बाद नुसरत भरूचा की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, अस्पताल में भर्ती हैं एक्ट्रेस

jantaserishta.com
2 Oct 2026 2:52 PM IST
बाली में हादसे के बाद नुसरत भरूचा की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर, अस्पताल में भर्ती हैं एक्ट्रेस
x
नई दिल्ली: एक्ट्रेस नुसरत भरूचा बाली में हुए एक हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती हैं। हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हुआ है। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और उनका इलाज बाली के अस्पताल में चल रहा है।
न्यूज एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, शुक्रवार को नुसरत की टीम की पब्लिसिस्ट संचिता त्रिवेदी ने उनकी सेहत से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डॉक्टर आगे की जांच के बाद सर्जरी को लेकर फैसला करेंगे। नुसरत को एयर एंबुलेंस के जरिए बाली से मुंबई लाने की तैयारी की जा रही है। टीम के अनुसार, मुंबई पहुंचने के बाद उनकी रीढ़ की सर्जरी की जाएगी। चोट और इसके बाद होने वाली सर्जरी के कारण नुसरत को पूरी तरह ठीक होने में कुछ समय लग सकता है।
आने वाले काम पर पड़ सकता है असर
नुसरत की टीम ने बताया कि चोट से उबरने और सर्जरी के बाद उन्हें पर्याप्त आराम की जरूरत होगी। ऐसे में आने वाले कुछ हफ्तों में उनकी काम से जुड़ी जिम्मेदारियां प्रभावित हो सकती हैं। टीम ने लोगों से अपील की है कि इस समय नुसरत को जरूरी निजता दी जाए, ताकि वह अपना पूरा ध्यान इलाज और रिकवरी पर लगा सकें। हादसे से करीब एक सप्ताह पहले नुसरत ने सोशल मीडिया पर अपनी छुट्टियों से जुड़ी कुछ तस्वीरें साझा की थीं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने घूमने और छुट्टियां मनाने से जुड़ा कैप्शन भी लिखा था।
टाइगर श्रॉफ की फिल्म में नजर आएंगी नुसरत
नुसरत भरूचा के एक अन्य फिल्म प्रोजेक्ट से जुड़ने की भी खबर सामने आई है। बताया गया है कि वह टाइगर श्रॉफ की अगली फिल्म की कास्ट का हिस्सा होंगी। अगर यह फिल्म बनती है तो टाइगर श्रॉफ और नुसरत पहली बार पर्दे पर साथ नजर आएंगे। पिंकविला से बातचीत में एक सूत्र ने बताया कि फिल्म की टीम ऐसी एक्ट्रेस की तलाश में थी, जो कहानी में मजबूती और भावनात्मक गहराई ला सके। सूत्र के मुताबिक, नुसरत इस भूमिका के लिए टीम की पसंद में शामिल थीं।
फिल्म में पश्मीना रोशन, अभिषेक बनर्जी और एल्विश यादव भी अहम भूमिकाओं में बताए गए हैं। नुसरत को आखिरी बार फिल्म ‘उफ्फ ये सियापा’ में देखा गया था।
पहले भी शूटिंग के दौरान घायल हो चुकी हैं
नुसरत के साथ शूटिंग के दौरान चोट लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। अप्रैल 2023 में फिल्म *‘अकेली’* की शूटिंग के दौरान एक सीन करते हुए वह संगमरमर के फर्श पर सिर के बल गिर गई थीं। इस हादसे के बाद वह काफी दर्द में थीं। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी थी।
इससे पहले जनवरी 2023 में फिल्म *‘छोरी 2’* के एक एक्शन सीन के दौरान भी उन्हें चोट लगी थी। उनके चेहरे और भौंह के पास चोट आई थी, जिसके बाद उन्हें टांके लगवाने पड़े थे। उनकी दोस्त ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस घटना की जानकारी दी थी।
2021 में भी शूटिंग के दौरान बिगड़ी थी तबीयत
अगस्त 2021 में भी शूटिंग के दौरान नुसरत की तबीयत अचानक खराब हो गई थी। उस समय वह लव रंजन की फिल्म की शूटिंग कर रही थीं और लगातार कई दिनों तक काम करने के कारण काफी थक गई थीं। घटना वाले दिन उन्हें तेज चक्कर आए और वह ठीक से खड़ी होने या बात करने की स्थिति में नहीं थीं। इसके बाद उन्हें मुंबई के हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया। वहां उनका ब्लड प्रेशर 65/55 तक गिर गया था।
डॉक्टरों ने जांच के बाद इसे गंभीर वर्टिगो अटैक बताया था। इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया और 15 दिन आराम की सलाह दी गई थी। उनकी तबीयत खराब होने के कारण फिल्म की शूटिंग भी रोकनी पड़ी थी।
मंदिर जाने को लेकर मौलाना ने जताई थी आपत्ति
नुसरत पिछले साल उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर भी गई थीं। उन्होंने वहां महाकाल के दर्शन किए और भस्म आरती में शामिल हुई थीं। बाद में उन्होंने मंदिर से तस्वीर साझा करते हुए ‘जय श्री महाकाल’ लिखा था। इसके बाद ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने उनके मंदिर जाने और हिंदू रीति-रिवाजों में शामिल होने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने इसे शरिया कानून के खिलाफ बताते हुए नुसरत को तौबा करने और कलमा पढ़ने की सलाह दी थी।
नुसरत मुस्लिम बोहरा परिवार से आती हैं। हालांकि, उनके मुताबिक उनका परिवार बचपन से ही सभी धर्मों का सम्मान करता रहा है। उन्होंने बताया था कि वह मंदिर के अलावा गुरुद्वारे और चर्च भी जाती रही हैं। वह वैष्णो देवी और केदारनाथ भी जा चुकी हैं और नमाज भी पढ़ती हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story