मनोरंजन

'MTV रोडीज' के कलाकार रणविजय 18 साल बाद शो को अलविदा कहेंगे

Admin Delhi 1
3 Feb 2022 5:11 PM GMT
MTV रोडीज के कलाकार रणविजय 18 साल बाद शो को अलविदा कहेंगे
x

छोटे पर्दे का लोकप्रिय रियलिटी शो 'MTV रोडीज' हमेशा चर्चा में रहा है। इसका नया सीजन भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है। फैस बेसब्री से इसकी राह देख रहे हैं। आए दिन शो से जुड़ी नई-नई जानकारी सामने आ रही है। रणविजय सिंह इसी शो से लोकप्रिय हुए हैं। वह लंबे समय से इससे जुड़े रहे हैं। हालांकि, अब रणविजय इस शो से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह सोनू सूद नजर आ सकते हैं। आइए पूरी खबर जानते हैं।

'MTV रोडीज' के नए सीजन में अब रणविजय नजर नहीं आएंगे। यह शो 19 साल से चल रहा है। रणविजय इसका अभिन्न हिस्सा रहे हैं। 2003 में उन्होंने शो के पहले सीजन में हिस्सा लिया था। कभी इस शो के कंटेस्टेंट रहे रणविजय बाद में होस्ट और फिर गैंग लीडर बने, लेकिन अब शो में उनका सफर खत्म हो रहा है। उनकी जगह सोनू सूद को साइन किया गया है। हालांकि, वह एक ही साल 'MTV रोडीज' की मेजबानी करेंगे। रणविजय ने बताया कि 'MTV रोडीज' के नए एडिशन में उनके और चैनल के बीच कुछ चीजें तय नहीं हो पाईं। उनकी इस शो के साथ डेट्स मैच नहीं कर रहीं। जब पूछा गया कि क्या वह शो प्रोडक्शन हाउस के साथ किसी मतभेद के कारण छोड़ रहे हैं तो उन्होंने कहा, "मैं इस चैनल के साथ 18 सालों से काम कर रहा हूं। इसके साथ मेरी कोई समस्या नहीं है। मैंने इस चैनल के साथ अलग-अलग शोज किए हैं।"

रणविजय ''MTV स्टंटमैनिया', 'MTV फोर्स इंडिया द फास्ट एंड द गॉर्जियस', 'MTV स्प्लिट्सविला', 'MTV स्कूटी पेप डीवा' और 'MTV ट्रोल पुलिस' सहित कई MTV शो के होस्ट रहे हैं। वह 'टॉस' से लेकर 'लंदन ड्रीम्स' और 'एक्शन रीप्ले' जैसी फिल्मों का हिस्सा भी रहे हैं। 'MTV रोडीज' के आने वाले सीजन को एक नया प्रोडक्शन हाउस बना रहा है। रणविजय इस प्रोडक्शन हाउस से नाखुश थे और इसलिए उन्होंने अपने-अपने रास्ते अलग कर लिए। नए सीजन की शूटिंग 14 फरवरी से साउथ अफ्रीका में होगी। सोनू सूद इस शो का नया चेहरा होंगे। शो के फॉर्मेट में भी कई बदलाव किए जाएंगे, जिसके बाद चर्चा है कि नेहा धूपिया और प्रिंस नरूला भी इसमें दिखाई नहीं देंगे।

पिछले साल के अंत में सोनू ने अपनी फिल्म 'फतेह' का ऐलान किया था। इस एक्शन ड्रामा फिल्म में सोनू मुख्य भूमिका में होंगे। इसका निर्देशन अभिनंदन गुप्ता करेंगे, जो आगामी फिल्म 'शमशेरा' के सहायक निर्देशक हैं।वह फिल्म 'पृथ्वीराज' का भी हिस्सा हैं। इसमें सोनू साहित्य के महान कवि चंद बरदाई की भूमिका निभाएंगे। फिल्म का निर्देशन चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया है। उन्हें निर्देशक ई निवास की आगामी फिल्म 'किसान' में भी अभिनय करते हुए देखा जा सकता है।

Next Story