मनोरंजन

कृति-कैटरीना के समर्थन में मृणाल ठाकुर

Ashish verma
10 Oct 2026 12:17 PM IST
कृति-कैटरीना के समर्थन में मृणाल ठाकुर
x
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्रियों के शरीर, कपड़ों और निजी पसंद पर होने वाली टिप्पणियों के बीच कृति सेनन, कैटरीना कैफ और मृणाल ठाकुर के बयान चर्चा में हैं। कैटरीना ने सोशल मीडिया की आलोचनाओं को अपने आत्मविश्वास और फैसलों पर हावी नहीं होने देने की बात कही है। वहीं, कृति ने अपने एक विज्ञापन में पहने कपड़ों पर हुई बहस को लेकर हैरानी जताई। अब मृणाल ठाकुर ने दोनों अभिनेत्रियों का समर्थन करते हुए कहा है कि लोगों को उनकी निजी पसंद का सम्मान करना चाहिए और उनके काम तथा योगदान को नहीं भूलना चाहिए।
मृणाल ठाकुर अपनी फिल्म ‘पूजा मेरी जान’ के प्रचार के दौरान अभिनेत्रियों के लुक और पहनावे पर होने वाली सार्वजनिक टिप्पणियों से जुड़े सवाल का जवाब दे रही थीं। उन्होंने कैटरीना और कृति के खिलाफ हुई ट्रोलिंग पर नाराजगी जताई। मृणाल का कहना था कि दोनों को अपनी जिंदगी के अलग-अलग पड़ाव अपने तरीके से जीने का अधिकार है। दूसरों को यह तय करने की जरूरत नहीं है कि उन्हें कैसे दिखना चाहिए या किस तरह के कपड़े पहनने चाहिए।
मृणाल ने दोनों अभिनेत्रियों की पेशेवर उपलब्धियों की ओर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने सवाल उठाया कि उनके लुक और कपड़ों के आधार पर फैसला सुनाने वाले लोग क्या फिल्म उद्योग और कारोबार में उनके योगदान को भूल जाते हैं? अभिनेत्री ने कहा कि कृति और कैटरीना अभिनय के साथ कारोबार भी संभाल रही हैं। उनके काम का दायरा भारत से बाहर तक है। ऐसे में उनकी उपलब्धियों को नजरअंदाज करके केवल उनकी तस्वीरों या पहनावे पर टिप्पणी करना उचित नहीं है।
महिलाओं के प्रति इस रवैये पर मृणाल ने कहा कि उन्हें लगातार जज किया जाता है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसी टिप्पणियों का सामना केवल महिलाओं को नहीं करना पड़ता, पुरुष भी इसके निशाने पर आते हैं। उनका जोर इस बात पर था कि किसी की निजी पसंद और जीवन के फैसलों पर अनावश्यक टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
कैटरीना कैफ को पिछले महीने अंबानी परिवार के गणपति समारोह में शामिल होने के बाद सोशल मीडिया
पर अपने लुक और वजन को लेकर टिप्पणियों का सामना करना पड़ा था। बेटे के जन्म के बाद उनकी सार्वजनिक मौजूदगी की तस्वीरों पर कुछ यूजर्स ने बॉडी शेमिंग की। इसके बाद उनके समर्थन में भी आवाजें उठीं। हाल ही में लंदन में अपने ब्यूटी ब्रांड के कार्यक्रम के दौरान कैटरीना ने सोशल मीडिया की राय और आलोचना के बीच खुद पर भरोसा बनाए रखने को लेकर बात की।
कैटरीना ने कहा कि ऑनलाइन उनके बारे में बन रही धारणाओं को अपनी अहमियत का पैमाना नहीं बनने देना चाहिए। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया पर अलग-अलग राय होती हैं। यदि व्यक्ति हर राय के हिसाब से अपने फैसले लेने लगे, तो उसके लिए अपनी जरूरतों और इच्छाओं को समझना मुश्किल हो सकता है। उन्होंने अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए बताया कि हर आलोचना को अपने कदमों की दिशा तय करने देतीं, तो डर उन्हें आगे बढ़ने से रोक सकता था।
अभिनेत्री ने यह भी कहा कि हर समय खुद को एक जैसा महसूस करना संभव नहीं होता। कभी व्यक्ति अपने बारे में अच्छा महसूस करता है, तो कभी उस स्थिति तक पहुंचने की कोशिश कर रहा होता है। उन्होंने जिंदगी का आनंद लेने और दूसरों की टिप्पणियों के बीच अपने नजरिए को बनाए रखने की बात कही।
दूसरी ओर, कृति सेनन की हालिया प्रतिक्रिया एक ज्वेलरी विज्ञापन में उनके कपड़ों पर हुए विवाद से जुड़ी है। रक्षाबंधन के मौके पर आए इस विज्ञापन में उनके पहनावे को लेकर आलोचना हुई थी। करीना कपूर खान के शो ‘व्हाट वुमन वांट’ के छठे सीजन के
प्रोमो
में कृति ने इस विवाद का जिक्र किया। उन्होंने हैरानी जताई कि उनकी चोली प्राइम टाइम पर छह लोगों की पैनल चर्चा का विषय बन गई थी।
कृति इससे पहले भी इस मुद्दे पर सवाल उठा चुकी हैं कि किसी महिला का अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान उसके कपड़ों से क्यों तय किया जाता है। शो के प्रोमो में महिलाओं की इच्छाओं से जुड़े सवाल पर उन्होंने बिना जज किए जाने और लोगों के अपने काम से मतलब रखने की बात कही। उनकी प्रतिक्रिया का केंद्र अपनी पसंद के कपड़े पहनने की स्वतंत्रता और उस पर होने वाली सार्वजनिक निगरानी था।
कृति पहले भी शरीर और चेहरे को लेकर मिली सलाहों का अनुभव साझा कर चुकी हैं। एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उनके होंठों, मुस्कान, नाक और कमर तक पर टिप्पणियां की गई थीं। उन्होंने कहा था कि उन्हें अपने प्राकृतिक रूप में बदलाव करने की जरूरत महसूस नहीं हुई। कृति ने हर किसी की राय सुनने की मजबूरी को भी खारिज किया था। अब कैटरीना के आत्मविश्वास संबंधी बयान और मृणाल के समर्थन के बीच अभिनेत्रियों की निजी पसंद के सम्मान का मुद्दा फिर सामने आया है।
Next Story