मनोरंजन
मृणाल ठाकुर-आदित्य रॉय स्टारर मर्डर मिस्ट्री 'गुमराह' की ओटीटी पर दस्तक
Rounak Dey
4 Jun 2023 3:05 PM GMT

x
यहां देख सकते हैं फिल्म
जनता से रिश्ता वेब्डेस्क | आदित्य रॉय कपूर और मृणाल ठाकुर स्टारर मर्डर मिस्ट्री 'गुमराह ' पर्दे पर कमाल नहीं दिखा पाई। सात अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस मूवी का निर्देशन वर्धन केतकर ने किया है। यह वर्ष 2019 की तमिल फिल्म 'थडम' की रीमेक है, जिसे मगिज थिरुमेनी ने डायरेक्ट किया था। वहीं, अगर आप इस फिल्म को सिनेमाघरों में नहीं देख पाए हैं और इसकी ओटीटी रिलीज का इंतजार कर रहे हैं, तो आपके लिए खुशखबरी है।
फिल्म 'गुमराह' में आदित्य रॉय कपूर का डबल रोल है। वहीं, यह मूवी अपनी रिलीज के दो महीनों के अंदर अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है। नेटफ्लिक्स ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर इसकी जानकारी दी है। क्लिप में मृणाल दो आदित्य रॉय कपूर के बीच बैठी नजर आ रही हैं। इस पोस्ट को कैप्शन दिया गया है, 'आज के नाश्ते के मेन्यू में दो आदित्य रॉय कपूर, एक मृणाल ठाकुर और सस्पेंस-थ्रिल की असीमित खुराक शामिल है।'
'गुमराह' में आदित्य रॉय कपूर अपने अब तक के करियर में पहली बार डबल रोल में नजर आए हैं। एक्टर को एक हत्या के मामले में दो संदिग्धों के रूप में देखा गया है, जिसमें मृणाल एक पुलिस अफसर की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में आदित्य और मृणाल के अलावा रोनित रॉय, वेदिका पिंटो, दीपक कालरा और इवान रोड्रिग्स जैसे सितारे भी हैं।
'गुमराह' के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो यह बुरी तरह फ्लॉप रही है। इसने भारत में केवल 8.28 करोड़ रुपये की कमाई की और दुनिया भर में इसने 10.68 करोड़ रुपये कमाए। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली थी। अब यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर कितनी सफल साबित होती है, इसे देखने के लिए हर कोई उत्सुक है।
Next Story