मनोरंजन

वाराणसी में 'मिर्जापुर द फिल्म' की शूटिंग खत्म, कास्ट ने पूरा किया शेड्यूल

jantaserishta.com
28 Oct 2025 5:02 PM IST
वाराणसी में मिर्जापुर द फिल्म की शूटिंग खत्म, कास्ट ने पूरा किया शेड्यूल
x
मुंबई: वाराणसी में 'मिर्जापुर: द फिल्म' की शूटिंग का शेड्यूल पूरा हो गया है। इसके अभिनेता पंकज त्रिपाठी, अली फजल और श्वेता त्रिपाठी ने बनारस में अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर ली है।
फिल्म की शूटिंग पूरी करने के बाद अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने कहा कि जब भी वह वाराणसी आते हैं, उन्हें बहुत ज्यादा अपनापन महसूस होता है। पंकज त्रिपाठी ने कहा, "इस शहर की अपनी एक लय है, यह आध्यात्मिक, सहज और जीवंत है। यहां 'मिर्जापुर: द फिल्म' की शूटिंग करते हुए मुझे याद आया कि यह दुनिया हम सभी को इतनी वास्तविक क्यों लगती है। कालीन भैया का जन्म यहीं हुआ था और जब भी मैं उनकी जगह होता हूं, तो ऐसा लगता है जैसे मैं किसी पुराने अध्याय को नए अर्थों के साथ फिर से जी रहा हूं। यहां के लोगों की गर्मजोशी और जिज्ञासा हमेशा इस अनुभव को खास बना देती है।"
फिल्म में गुड्डू पंडित की भूमिका निभा रहे अभिनेता अली फजल ने कहा कि बनारस में एक अलग ही तरह की दीवानगी है। उन्होंने कहा, "यह दीवानगी गुड्डू के सफर का भी एक बड़ा हिस्सा है। यहां वापस आकर यादें ताजा होने के साथ-साथ एक नया अहसास भी हुआ। हम इन किरदारों के साथ कई वर्षों से जी रहे हैं, लेकिन हर नई कहानी एक नई चुनौती लेकर आती है।"
श्वेता त्रिपाठी ने कहा, "बनारस ने मुझे एक कलाकार के रूप में बहुत कुछ दिया है। मैं यहां खुद को उन भूमिकाओं के लिए खोजती रहती हूं, जो मुझे परिभाषित करती हैं। गोलू का सफर परिवर्तन और आंतरिक शक्ति का रहा है और बनारस में शूटिंग करने से वह भावना वास्तविक लगती है। यह शेड्यूल बेहद भावुक और कृतज्ञता से भरा था। अब मैं मुंबई में अगले शेड्यूल में भी यही ऊर्जा लेकर जाने के लिए उत्सुक हूं।”
'मिर्जापुर: द फिल्म' में अली फजल एक बॉडी बिल्डर के रूप में दिखाई देंगे, इसके लिए उन्होंने जमकर ट्रेनिंग भी ली है। क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘मिर्जापुर’ में गद्दी के लिए लड़ते बाहुबलियों की दुनिया को दिखाया जाएगा। यह फिल्म 2026 में रिलीज होगी।
फिल्म में श्वेता त्रिपाठी गोलू गुप्ता के रोल को निभाती दिखाई देंगी और रसिका दुग्गल फिल्म में अपने बीना त्रिपाठी के किरदार में दिखाई देंगी। इसमें अबकी बार अभिनेत्री सोनल चौहान भी एक अहम किरदार निभाती दिखाई देंगी। फिल्म में जितेंद्र कुमार, रवि किशन और मोहित मलिक जैसे नए कलाकार भी हैं। इस फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर प्रोड्यूस कर रहे हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story