मनोरंजन

दक्षिण भारतीय फिल्मों से आईं बहुत सी हीरोइन, एक दे चुकी कई सुपरहिट फिल्में

Shiddhant Shriwas
19 Aug 2021 5:26 AM GMT
दक्षिण भारतीय फिल्मों से आईं बहुत सी हीरोइन, एक दे चुकी कई सुपरहिट फिल्में
x
2020 के डेटा के मुताबिक बॉलीवुड इंडस्ट्री 183 अरब रुपये की हो गई है। देश में सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं बल्कि दक्षिण में बनने वाली फिल्में भी देशभर में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। 2020 के डेटा के मुताबिक बॉलीवुड इंडस्ट्री 183 अरब रुपये की हो गई है। देश में सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं बल्कि दक्षिण में बनने वाली फिल्में भी देशभर में अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। दक्षिण भारतीय फिल्मों में कोई एक भाषा नहीं बल्कि कई भाषाएं अच्छा सिनेमा बना रही हैं। इनमें तमिल इंडस्ट्री यानि कॉलीवुड, तेलुगु इंडस्ट्री यानि टॉलीवुड, मलयालम इंडस्ट्री यानि मॉलीवुड और कन्नड फिल्म इंडस्ट्री भी शामिल है। दक्षिण भारतीय फिल्मों से आईं कई हीरोइन, अब बॉलीवुड में अपना अच्छा खासा मुकाम हासिल कर चुकी हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में छाई रहने वाली कई हीरोइनें हिंदी बेल्ट यानि उत्तर भारत से ताल्लुक रखती हैं। आइए जानते हैं कि वो कौन कौन सी हीरोइनें हैं, जो उत्तर भारत की होने के बावजूद दक्षिण भारतीय फिल्मों में खूब सुर्खियां बटोरने में कामयाब रही हैं।

भूमिका चावला

इस लिस्ट में पहला नाम तेरे नाम फिल्म से बॉलीवुड में पहचान बनाने वाली भूमिका चावला का है। भूमिका अभिषेक बच्चन के साथ फिल्म रन में भी नजर आ चुकी हैं। पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखने वाली भूमिका की पढ़ाई लिखाई दिल्ली में हुई। भूमिका 50 से ज्यादा तेलुगु, तमिल और मलयालम फिल्मों में काम कर चुकी हैं।

शालिनी पांडे

जबलपुर, मध्य प्रदेश से ताल्लुक रखने वाली शालिनी की पहली फिल्म अर्जुन रेड्डी टॉलीवुड यानि तेलुगु इंडस्ट्री में ब्लॉकबस्टर साबित हुई है। इसी फिल्म की कहानी पर बॉलीवुड में कबीर सिंह बनाई गई थी। 2017 में डेब्यू करने वाली शालिनी को कोई भी दक्षिण भारतीय भाषा नहीं आती है। शालिनी अब बॉलीवुड इंडस्ट्री में भी फिल्म जयेश भाई जोरदार के साथ एंट्री करने जा रही हैं।

चार्मी कौर

फिल्म आर.राजकुमार के गाने गंदी बात में नजर आने वाली चार्मी कौर पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। 15 साल की उम्र से चार्मी ने फिल्म इंडस्ट्री में काम करना शुरू कर दिया था। उनकी पहली फिल्म तेलुगु भाषा की थी, जिसका नाम नी तोडू कावली था। इसके बाद चार्मी ने पीछे मुडकर नहीं देखा. वो अब तक तेलुगु, मलयालम और हिंदी भाषा की फिल्में कर चुकी हैं।

तमन्ना भाटिया

पंजाबी परिवार से आने वाले इस नाम को आप पहचानते होंगे लेकिन क्या आप जानते हैं कि सबसे पहले तमन्ना भाटिया एक म्यूजिक वीडियो लफ्जों में कह ना सकूं में नजर आईं थीं। महज 15 साल की उम्र में तमन्ना ने तेलुगु फिल्म श्री से अपना डेब्यू किया था। इसी साल उन्होंने हिंदी फिल्म चांद सा रोशन चेहरा में भी काम किया। अब तक तमन्ना 10 से ज्यादा तमिल और तेलुगु फिल्मों में काम कर चुकी हैं। वो दक्षिण भारतीय इंडस्ट्री का जाना पहचाना नाम हैं।

रकुलप्रीत सिंह

नई दिल्ली में जन्मीं रकुलप्रीत आज बॉलीवुड का जाना पहचाना नाम हैं। वो कई हिट बॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुकी हैं। लेकिन उनके करियर की पहली फिल्म साल 2009 में आई कन्नड फिल्म गिल्ली थी। इसके बाद रकुल तमिल, तेलुगु और कन्नड तीनों भाषाओं की फिल्म कर चुकी हैं। 2009 से लेकर अब तक हिंदी फिल्मों के साथ साथ उनका दक्षिण भारतीय फिल्मों में करियर काफी मजबूत और शानदार रहा है।

Next Story