मनोरंजन

Manoj Kumar passed away : मनोज कुमार का अंतिम संस्कार कल, देशभर में शोक की लहर

Uma Verma
4 April 2025 12:43 PM IST
Manoj Kumar passed away : मनोज कुमार का अंतिम संस्कार कल, देशभर में शोक की लहर
x

मुंबई। भारतीय सिनेमा के ‘भारत कुमार’ के नाम से मशहूर मनोज कुमार का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। 87 वर्षीय मनोज कुमार का अंतिम संस्कार कल दोपहर जुहू के श्मशान घाट में किया जाएगा। परिवार के मुताबिक, अंतिम दर्शन के लिए उनका पार्थिव शरीर सुबह 10 बजे से जुहू स्थित उनके निवास पर रखा जाएगा। बॉलीवुड से जुड़ी कई नामचीन हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।

मनोज कुमार का निधन हिंदी सिनेमा के लिए अपूरणीय क्षति मानी जा रही है। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा,

"मनोज कुमार जी को उनके देशभक्ति से भरे अभिनय के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने भारत के लिए जुनून के साथ काम किया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।"

वहीं अभिनेता अक्षय कुमार ने भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा,

"मनोज जी मेरे आदर्श रहे हैं। उनकी फिल्मों से हमें देश के प्रति समर्पण और सेवा की प्रेरणा मिलती है।"

मनोज कुमार ने अपने करियर में ‘पूरब और पश्चिम’, ‘शहीद’, ‘उपकार’, ‘क्रांति’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’ जैसी ऐतिहासिक फिल्में दीं। उन्होंने न केवल अभिनय किया बल्कि फिल्में लिखीं, निर्देशित कीं और प्रोड्यूस भी कीं। उनकी फिल्मों में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक मुद्दों की गूंज हमेशा बनी रही।

भारत सरकार ने उन्हें उनके योगदान के लिए पद्म श्री (1992) और दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड (2015) से सम्मानित किया था।

उनके निधन से एक युग का अंत हुआ है। फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े कलाकार और राजनीतिक हस्तियां आज उनके अंतिम दर्शन के लिए उपस्थित रहेंगे।

Next Story