
मुंबई | भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता मनोज कुमार और सुपरस्टार शाहरुख खान से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा समय-समय पर सुर्खियों में आता रहा है। किस्सा जुड़ा है 2007 में रिलीज हुई फिल्म 'ओम शांति ओम' से, जिसमें शाहरुख खान ने एक सीक्वेंस में मनोज कुमार की 'आंख पर हाथ रखने की स्टाइल' को कॉमिक अंदाज में पेश किया था।
इस सीन को देखने के बाद मनोज कुमार नाराज़ हो गए थे। उन्होंने फिल्म के मेकर्स पर आपत्ति जताई और कहा कि बिना अनुमति के इस तरह किसी की नकल करना ठीक नहीं। मामला मीडिया में आया, तो फिल्म की टीम ने तुरंत माफी भी मांग ली और जापान रिलीज़ से पहले उस सीन को हटा भी दिया गया।
मजेदार बात तब हुई, जब पत्रकारों ने मनोज कुमार से पूछा कि इसपर वो कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे? इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया –
"अगर मैंने केस कर दिया तो उन्हें 100 करोड़ देने पड़ेंगे, इसलिए छोड़ दिया।"
यह जवाब अपने आप में दर्शाता है कि वे कितने सहज और विनोदी स्वभाव के इंसान थे। शाहरुख खान ने भी बाद में सार्वजनिक रूप से मनोज कुमार जी से माफी मांगी और उन्हें भारतीय सिनेमा का पिलर बताया।





