मनोरंजन

बेटी के बर्थडे पर मैडोना की यादें: डिलीवरी के डरावने पल को किया याद

Tara Tandi
16 Oct 2026 1:09 PM IST
बेटी के बर्थडे पर मैडोना की यादें: डिलीवरी के डरावने पल को किया याद
x
लॉस एंजिल्स: 'क्वीन ऑफ पॉप' मैडोना ने अपनी बेटी लूर्डेस लियोन को उनके 30वें जन्मदिन पर दिल से शुभकामनाएं दीं। गायिका और गीतकार मैडोना ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पर अपनी बेटी की पुरानी तस्वीरें शेयर कीं, जो उनके बचपन से लेकर बड़े होने तक के सफर को दिखाती हैं। उन्होंने बताया कि बेटी के जन्म के समय उन्हें 18 घंटे तक लेबर पेन (प्रसव पीड़ा) से गुजरना पड़ा था, और उस दौरान एक बहुत ही डरावना पल भी आया था।
उन्होंने पोस्ट के कैप्शन में एक लंबा नोट भी लिखा: "हैप्पी बर्थडे मेरी लोलिता! तुम मेरे सपनों में आई थीं। एक अजीब से सपने में... एक ऐसा सपना जिसे हम 'ज़िंदगी' कहते हैं। अगर मैं इन सब बातों को लिखने बैठूं, तो मेरी आँखों से आँसुओं की नदियाँ बह निकलेंगी। जन्म के समय तुम्हारी ठुड्डी ऊपर की ओर थी, मानो तुम तारों को ढूँढ़ रही हो, और तुम वहीं फँस गई थीं। 18 घंटे के लेबर पेन के बाद, जब तुम्हारी धड़कनें धीमी होने लगीं, तो इमरजेंसी सी-सेक्शन (ऑपरेशन) ही एकमात्र विकल्प बचा था। क्या मैंने बताया कि ईस्ट एलए (LA) के अस्पताल की सबसे ऊपरी मंजिल पर हमारे सिर के ऊपर हेलीकॉप्टर और न्यूज़ क्रू मंडरा रहे थे? तुम्हारा जन्म वाकई बहुत नाटकीय था।"
उन्होंने आगे लिखा, "हमारी ज़िंदगी की तरह ही। हमारा रिश्ता किसी दैवीय जुड़ाव जैसा है। जब मैं ईश्वर से पूछती हूँ कि इस रिश्ते का क्या मतलब है, तो वे कहते हैं- 'आईने में देखो!' हम एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। अगर हम जिस चीज़ के लिए जोखिम उठाते हैं, वही हमारी अहमियत को दर्शाती है, तो मैं तुम्हारे लिए अपना सब कुछ दांव पर लगा सकती हूँ। कभी मत भूलना कि तुम कौन हो - एक छोटा सा तारा, जो आसमान के बाकी सभी तारों से ज़्यादा चमकता है। कभी सपने देखना मत छोड़ना, मेरी तितली। और कभी यह मत भूलना कि तुम कहाँ से आई हो... तुम 'प्यार' से आई हो।"
उनकी बेटी लूर्डेस लियोन ने कमेंट सेक्शन में लिखा, "आप ही वो इंसान हैं जिनके बारे में मैं दिन भर सोचती रहती हूँ, आपसे बहुत प्यार करती हूँ।"
गायिका और गीतकार कैटी पेरी ने लिखा, "बहुत ही सुंदर पोस्ट। माँ बनना एक सच्चा आध्यात्मिक अनुभव है।"
अभिनेत्री एमी शूमर ने लिखा, "मेरे लिए तो आखिरी वाली तस्वीर सबसे अच्छी है।"
लूर्डेस लियोन, पॉप आइकन मैडोना और अभिनेता कार्लोस लियोन की सबसे बड़ी बेटी हैं। उन्होंने फैशन और संगीत की दुनिया में अपना करियर बनाया है। उन्होंने कई बड़े ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग की है और वह एक प्रशिक्षित डांसर भी हैं। 2022 में, उन्होंने संगीत की दुनिया में कदम रखा और खुद को एक बहुमुखी कलाकार के रूप में स्थापित किया।
Next Story