
x
मुंबई। बुधवार को प्रभादेवी स्थित पुल देशपांडे अकादमी में भारत रत्न लता दीनानाथ मंगेशकर (Bharat Ratna Lata Deenanath Mangeshkar) अंतर्राष्ट्रीय संगीत महाविद्यालय का उद्घाटन और गायन साम्राज्ञी लता मंगेशकर पुरस्कार वितरण का मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया। महान बांसुरी वादक हरिप्रसाद चौरसिया (Hariprasad Chaurasia) और ऊपा मंगेशकर को लता मंगेशकर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कोरोना की वजह से पिछले दो साल से लता मंगेशकर पुरस्कारों का वितरण नहीं हो पाया था।
मुख्यमंत्री शिंदे (Chief Minister Shinde) ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सभी लोग लता दीदी के गीतों को सुनकर यहां तक पहुंचे हैं। उनके गले में मां सरस्वती का निवास था, उनमें दैवीय शक्ति थी। मराठी माटी में जन्मी रत्न आगे चलकर भारत रत्न बनी, यह महाराष्ट्र के लिए अभिमान, गौरव की बात है। दो साल से कोरोना की वजह से लता मंगेशकर पुरस्कार वितरण समारोह नहीं हो सका था। हम भाग्यवान है कि हमारे हाथों इतने महान लोगों का सत्कार हुआ। अंतर्राष्ट्रीय संगीत महाविद्यालय के रूप में यह सरकार का पहला कदम है। इस महाविद्यालय की कीर्ति राज्य ही नहीं, पूरे विश्व में फैलाने का काम करेंगे। इसकी कीर्ति फैलेगी तो महाराष्ट्र का मान बढ़ेगा। सरकार की तरफ से इसे सभी तरह की मदद की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि संगीत के दो उपासकों को पुरस्कार दिया गया है। कोराना के रूप में बड़े खराब दिनों का हमें सामना करना पड़ा। लेकिन एक बात के लिए कोरोना का आभार प्रकट करना चाहता हूं कि उसकी वजह से पुरस्कार का वितरण नहीं हो सका और मुझे और मुख्यमंत्री शिंदे साहब को इतने महान लोगों को पुरस्कार देने का अवसर मिल सका। कालीना में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के संगीत महाविद्यालय का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। यह महाविद्यालय देश की नहीं विश्व भर के लोगों का ध्यान अपनी तरफ आकृष्ट करेगा।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, उच्च शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, सांस्कृतिक मंत्री सुधीर मुनगंटीवार, उद्योग मंत्री उदय सामंत, स्कूली शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर, मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार, विधायक सदा सरणवकर के अलावा गायक अनूप जलोटा, पंकज उधास, रूप कुमार राठौड, सोनू निगम, हरिहरन, आदिनाथ मंगेशकर, मयूरेश पै, अशोक पत्की, वैशाली सामंत आदि मौजूद थे।

Rani Sahu
Next Story