मनोरंजन
KGF फेम का निधन: नहीं रहे रॉकी भाई के चाचा, कैंसर से जूझ रहे थे
jantaserishta.com
6 Nov 2025 2:30 PM IST

x
डिप्टी चीफ मिनिस्टर ने दी जानकारी.
नई दिल्ली: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर हरीश राय का गुरुवार को निधन हो गया. वह 55 वर्ष के थे. हरीश लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे. उनकी मृत्यु की खबर से कन्नड़ फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. खुद कर्नाटक के डिप्टी चीफ मिनिस्टर डीके शिव कुमार ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ये खबर दी, साथ ही उन्होंने शोक भी जताया.
शिव कुमार ने X पर पोस्ट शेयर कर अपनी संवेदनाए जाहिर कीं. शिव ने बताया कि हरीश का अचानक इस दुनिया को अलविदा कह चले जाना इंडस्ट्री के लिए कितनी बड़ी क्षति है.
हरीश की फोटो के साथ वो लिखते हैं,''कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के प्रसिद्ध खलनायक हरीश राय के निधन की खबर बेहद दुखद है. हरीश राय कैंसर से पीड़ित थे, और उनके निधन से पूरी फिल्म इंडस्ट्री शोक में डूब गई है. उन्होंने ओम, हलोयम, केजीएफ और केजीएफ 2 जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय कर सबका दिल जीत लिया था. हरीश राय की आत्मा को शांति मिले और ईश्वर उनके परिवार व करीबियों को इस दुख को सहने की शक्ति दे.''
हरीश राय ने अपने लंबे करियर में कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया था और दर्शकों के बीच अपनी दमदार अदाकारी के लिए जाने जाते थे. उन्होंने टीवी और थिएटर में भी शानदार काम किया. फिल्म जगत के साथ-साथ उनके चाहने वालों ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. कई सितारों ने कहा कि हरीश राय जैसे कलाकार बहुत कम होते हैं, जिन्होंने सादगी और अभिनय दोनों को एक साथ जिया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हरीश राय कुछ समय से बीमार थे और उनका इलाज चल रहा था. उनके निधन से कन्नड़ सिनेमा ने एक प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है, जिन्होंने अपने अभिनय से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई. वो साउथ सुपरस्टार यश की केजीएफ 1 के ओपनिंग सीन में दिखाई दिए थे. हालांकि उनका किरदार बहुत छोटा-सा था लेकिन उनकी छाप फैंस के दिलों पर अमिट है.
हरीश ने एक इंटरव्यू में बताया था कि केजीएफ की शूटिंग के दौरान गले के कैंसर से पीड़ित थे. वो लगातार ट्रीटमेंट ले रहे थे, जिससे उनके गले में भी सूजन हो गई थी. उन्होंने जानबूझकर दाढ़ी वाला गेटअप लिया था ताकि उस सूजन को छुपा सकें.
हरीश राय ने यूट्यूबर गोपी गौडरु से बात करते हुए कहा था कि,“परिस्थितियां इंसान को महान भी बना सकती हैं और उससे सब कुछ छीन भी सकती हैं. किस्मत से कोई नहीं बच सकता. मैं पिछले तीन साल से कैंसर से पीड़ित हूं. केजीएफ फिल्म में मैंने लंबी दाढ़ी रखी थी ताकि इस बीमारी की वजह से गर्दन में आई सूजन को छिपा सकूं. मैंने सर्जरी इसलिए टाल दी क्योंकि शुरुआत में मेरे पास पैसे नहीं थे. मैं इंतजार करता रहा कि फिल्में रिलीज हों, ताकि कुछ पैसे मिल सकें. लेकिन अब मैं कैंसर के चौथे स्टेज में हूं और हालत लगातार बिगड़ती जा रही है.”
Tagsकन्नड़ फिल्म इंडस्ट्रीएक्टर हरीश रायहरीश रायहरीश राय निधनKannada film industryactor Harish RaiHarish RaiHarish Rai passes away
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





