मनोरंजन
करण पटेल ने बताया डेली शोज से ब्रेक लेने की वजह, बोले-मैं भूल गया था कि क्या चाहता हूं
jantaserishta.com
29 Jan 2026 10:59 AM IST

x
मुंबई: भारतीय टेलीविजन की दुनिया बाहर से जितनी चमकदार दिखती है, अंदर से उतनी ही मेहनत और थकान से भरी होती है। कलाकारों की जिंदगी कैमरे के सामने मुस्कान से भरी दिखती है, लेकिन पर्दे के पीछे उनकी दिनचर्या बेहद कड़ी होती है। इस बीच लोकप्रिय अभिनेता करण पटेल ने डेली शोज से कुछ समय के लिए दूरी बनाने के फैसले पर आईएएनएस से खुलकर बात की।
न्यूज़ एजेंसी से बात करते हुए करण पटेल ने कहा, ''एक समय ऐसा आया, जब मुझे महसूस हुआ कि मैं बिना सोचे-समझे बस काम करता चला जा रहा हूं। मैं खुद को ऑटो पायलट मोड में महसूस करने लगा था, जहां रोज का काम एक ही ढर्रे पर चलता रहता है और इंसान यह भूल जाता है कि वह अपने लिए क्या चाहता है। मुझे डेली सोप से बेहद प्यार है, लेकिन यह काम शारीरिक और मानसिक रूप से बहुत ज्यादा थका देने वाला होता है।''
करण ने कहा, ''मेरा फैसला किसी अचानक आई थकान का नतीजा नहीं था। मैं खुद से दोबारा जुड़ना चाहता था और सेट की चार दीवारों से बाहर की जिंदगी को फिर से महसूस करना चाहता था। यह ब्रेक काम छोड़ने के लिए नहीं, बल्कि खुद को दोबारा संतुलित करने का तरीका है। मेरा मानना है कि हर इंसान को कभी-कभी रुककर यह समझने की जरूरत होती है कि वह क्या कर रहा है और क्यों कर रहा है।''
आईएएनएस से बात करते हुए करण पटेल ने अपने लंबे करियर को याद किया और कहा, ''शुरुआती दिनों में मैं बहुत जोशीला था। हर हाल में खुद को साबित करना चाहता था और जल्दी आगे बढ़ना चाहता था। उस समय मुझमें धैर्य की कमी थी, हालांकि समय और अनुभव ने मुझे सिखाया कि सफलता की असली कुंजी सब्र और विनम्रता है।''
करण ने कहा, "धीरे-धीरे मैंने समझा कि करियर में तेज दौड़ने से ज्यादा जरूरी है लगातार सही दिशा में चलते रहना। मैंने काम करने की प्रक्रिया, शूटिंग टीम, और टीवी जैसे माध्यम की अहमियत को समझा। टीवी इंडस्ट्री बहुत मुश्किल होती है, क्योंकि यहां रोज काम करना पड़ता है। काम के लंबे घंटे होते हैं और दबाव भी बहुत होता है, लेकिन यही चीज कलाकार को मजबूत और अनुशासित बनाती है।"
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





