मनोरंजन

बॉक्स ऑफिस पर कालीन भैया का राज छठे दिन भी Mirzapur The Movie का जलवा

nidhi
10 Sept 2026 12:25 PM IST
बॉक्स ऑफिस पर कालीन भैया का राज छठे दिन भी Mirzapur The Movie का जलवा
x
मिर्ज़ापुर द मूवी’

एंटरटेनमेंट डेस्क: पंकज त्रिपाठी, अली फजल और दिव्येंदु स्टारर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का बॉक्स ऑफिस पर भौकाल जारी है। वीकेंड के बाद वर्किंग डेज में फिल्म की कमाई जरूर नीचे आई है, लेकिन छठे दिन भी इसने डबल डिजिट में कारोबार किया। शुरुआती छह दिनों में ही फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 193 करोड़ रुपये पहुंच गया है और अब इसकी नजर 200 करोड़ के आंकड़े पर है।

छठे दिन भी 12 करोड़ से ज्यादा की कमाई
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने रिलीज के छठे दिन यानी बुधवार को भारत में करीब 12.30 करोड़ रुपये नेट कमाए। इसके साथ भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन लगभग 137.65 करोड़ रुपये हो गया। फिल्म ने पहले दिन 25.75 करोड़, दूसरे दिन 32 करोड़ और तीसरे दिन 36 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया था। चौथे दिन 16 करोड़ और पांचवें दिन 15.60 करोड़ रुपये की कमाई हुई।
छठे दिन फिल्म की कमाई में पिछले दिन के मुकाबले करीब 21 प्रतिशत की गिरावट जरूर आई, लेकिन बुधवार जैसे वर्किंग डे पर भी डबल डिजिट में बने रहना इसकी मजबूत पकड़ को दिखाता है।
वर्ल्डवाइड 200 करोड़ के बेहद करीब
भारत के साथ विदेशों में भी ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को दर्शक मिल रहे हैं। छठे दिन तक इसका इंडिया ग्रॉस करीब 164.43 करोड़ रुपये और ओवरसीज ग्रॉस करीब 29 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस तरह फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई करीब 193.43 करोड़ रुपये पहुंच गई है। अलग-अलग बॉक्स ऑफिस ट्रैकर्स के अंतिम आंकड़ों में मामूली अंतर है और कुछ रिपोर्ट इसे 193.78 करोड़ रुपये तक बता रही हैं।
'हनुमान अंश' से वर्ल्डवाइड रेस में आगे
नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित ‘हनुमान अंश’ लंबे समय से सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। बेहद कम बजट और धीमी शुरुआत के बाद फिल्म ने माउथ पब्लिसिटी के दम पर बड़ी छलांग लगाई। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की रिलीज से पहले ही ‘हनुमान अंश’ भारत में 75 करोड़ रुपये से ज्यादा ग्रॉस कर चुकी थी।
अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ ने सिर्फ छह दिनों में वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में तेजी से बढ़त बनाई है। हालांकि दोनों फिल्मों की तुलना करते समय यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि ‘हनुमान अंश’ एक कम बजट की स्लीपर हिट है, जबकि ‘मिर्जापुर’ पहले से बेहद लोकप्रिय वेब सीरीज की फ्रेंचाइजी है।
कालीन भैया और मुन्ना भैया का भौकाल
‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, रवि किशन और रसिका दुग्गल जैसे कलाकार प्रमुख भूमिकाओं में हैं। लोकप्रिय वेब सीरीज के किरदारों को बड़े पर्दे पर देखने का क्रेज फिल्म की कमाई में साफ दिखाई दे रहा है।
अब फिल्म को वर्ल्डवाइड 200 करोड़ रुपये तक पहुंचने के लिए केवल कुछ करोड़ की जरूरत है। आने वाला दूसरा वीकेंड तय करेगा कि कालीन भैया और मुन्ना भैया का यह बॉक्स ऑफिस ‘भौकाल’ कितनी दूर तक जाता है।
Next Story