मनोरंजन
काजल अग्रवाल का बड़ा दावा: विशाल कहानी का हिस्सा है 'रामायण' में मेरा किरदार
Tara Tandi
7 Nov 2026 4:37 PM IST

x
मुंबई: नितेश तिवारी की 'रामायण' में मंदोदरी के किरदार में नजर आने वालीं अभिनेत्री काजल अग्रवाल ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपने रोल के बारे में बात की।
काजल ने बताया कि भले ही फिल्म में उनका रोल छोटा है, लेकिन उन्हें इस बात पर बहुत गर्व है कि वह एक ऐसी कहानी का हिस्सा हैं, जिसका बहुत बड़ा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व है।
'सिंघम' फेम अभिनेत्री ने लिखा, "रामायण जैसी भव्य फिल्म से किसी भी रूप में जुड़ना बहुत गर्व की बात है। @worldoframayana @ramayanamovie। भले ही मेरा रोल छोटा हो, लेकिन एक ऐसी कहानी का हिस्सा बनना जो हमारी संस्कृति, हमारे इतिहास और हमारे अस्तित्व में गहराई से रची-बसी है, और इतने जुनूनी व समर्पित कलाकारों और तकनीशियनों की शानदार टीम के साथ काम करना, मेरे दिल को खुशी से भर देता है।"
काजल ने नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी का भी आभार जताया कि उन्होंने उन्हें एक ऐसी फिल्म का हिस्सा बनने का मौका दिया, जो हमेशा के लिए हमारे इतिहास में दर्ज हो जाएगी।
'हे सिनामिका' अभिनेत्री ने इस बेहतरीन अनुभव के लिए अपने सह-कलाकारों को भी धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा, "सभी शानदार कलाकारों, आप लोग वाकई अद्भुत और प्रेरणादायक हैं। आपका समर्पण, हुनर और प्रतिबद्धता हमें हमेशा अपना स्तर ऊंचा रखने और अपना सर्वश्रेष्ठ देने की याद दिलाते हैं।"
काजल ने कहा कि कुछ फिल्मों को इस आधार पर नहीं आंका जाता कि रोल कितना लंबा है या स्क्रीन पर कितना समय बिताया गया है, बल्कि इस बात से आंका जाता है कि कहानी कितनी बड़ी है और उसे बनाने के पीछे कितना जुनून है।
उन्होंने आगे कहा, "हमारी सामूहिक आस्था और दिव्यता से गहराई से जुड़ी किसी चीज का हिस्सा बनना एक सौभाग्य की बात है।"
काजल ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "हमारी सांस्कृतिक विरासत के इस खूबसूरत हिस्से पर इतना प्यार बरसाने के लिए, और मेरे छोटे लेकिन अर्थपूर्ण किरदार को इतने स्नेह और गर्मजोशी के साथ अपनाने के लिए आप सभी का तहे दिल से शुक्रिया। कुछ जुड़ाव असल में रोल से कहीं ज्यादा बड़े होते हैं। रामायण हमेशा उन्हीं में से एक रहेगी।"
Next Story





