मनोरंजन

नहीं रहे 'कांटे' और 'काबिल' के डायरेक्टर संजय गुप्ता, 59 साल की उम्र में निधन

jantaserishta.com
31 Oct 2026 12:35 PM IST
नहीं रहे कांटे और काबिल के डायरेक्टर संजय गुप्ता, 59 साल की उम्र में निधन
x
मुंबई: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर फिल्ममेकर संजय गुप्ता का 30 अक्टूबर की रात 59 साल की उम्र में निधन हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह शुक्रवार रात में अपने घर के बाथरूम में गिर गए थे, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। बताया जा रहा है कि रात में हुई इस घटना के बारे में किसी को पता नहीं चल पाया और 31 अक्टूबर की सुबह उनके निधन की जानकारी सामने आई।
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर संजय गुप्ता की तस्वीर शेयर कर उनके निधन की पुष्टि की और उन्हें याद करते हुए भावुक पोस्ट लिखा। अशोक पंडित ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर संजय गुप्ता की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "यह बेहद चौंकाने वाला और दुखद है। अभी-अभी हमारे प्यारे दोस्त और बेहतरीन डायरेक्टर संजय गुप्ता के निधन की खबर मिली। घर पर सिर में चोट लगने के कारण उनका देहांत हो गया। एक और प्रतिभा बहुत जल्दी हमें छोड़कर चली गई। वह एक शानदार नैरेटर, हमेशा जिंदगी से भरे रहने वाले इंसान और जुनूनी फिल्ममेकर थे। हमारी इंडस्ट्री के लिए यह बहुत बड़ा नुकसान है। मेरे दोस्त, तुम्हारी कमी खलेगी। उनके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति। उनके अंतिम संस्कार से जुड़ी जानकारी जल्द साझा की जाएगी।"
अशोक पंडित के इस पोस्ट के सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। वहीं, इस मामले में वर्सोवा पुलिस ने एडीआर (एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट) दर्ज की है और जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में किसी तरह की साजिश या गलत काम की आशंका सामने नहीं आई है।
बता दें कि संजय गुप्ता ने साल 1994 में फिल्म 'आतिश: फील द फायर' से बतौर डायरेक्टर अपने करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में संजय दत्त और आदित्य पंचोली मुख्य भूमिकाओं में थे। इसके बाद उन्होंने 'राम शास्त्र', 'हमेशा', 'जंग' और 'खौफ' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया।
साल 2002 में आई उनकी फिल्म 'कांटे' उनके करियर की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक रही। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, संजय दत्त और सुनील शेट्टी समेत कई कलाकार नजर आए थे। उन्होंने अपने करियर में संजय दत्त के साथ कई फिल्मों में काम किया। दोनों की जोड़ी 'मुसाफिर', 'जिंदा' और 'शूटआउट एट लोखंडवाला' जैसी फिल्मों के लिए जानी जाती है।
उन्होंने 'काबिल' और 'मुंबई सागा' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। डायरेक्शन के अलावा संजय गुप्ता ने प्रोड्यूसर और स्क्रीनराइटर के तौर पर भी काम किया। उन्होंने 'दस कहानियां', 'प्लान', 'वुडस्टॉक विला', 'एसिड फैक्ट्री' और 'पंख' जैसी फिल्मों को प्रोड्यूस किया था। उनके आखिरी कामों में 'द मिरांडा ब्रदर्स' शामिल है, जो 2025 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में हर्षवर्धन राणे और मीजान जाफरी नजर आए थे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story