मनोरंजन

पहले दिन जॉन अब्राहम की फिल्म 'सत्यमेव जयते 2' ने की इतनी कमाई, अब 'अंतिम' से मुकाबला

Gulabi
26 Nov 2021 12:56 PM GMT
पहले दिन जॉन अब्राहम की फिल्म सत्यमेव जयते 2 ने की इतनी कमाई, अब अंतिम से मुकाबला
x
फिल्म 'सत्यमेव जयते 2' ने की इतनी कमाई
अक्षय कुमार की सूर्यवंशी के बाद 25 नवम्बर को सिनेमाघरों में पहुंची जॉन अब्राहम की फिल्म सत्यमेव जयते 2 दूसरी बड़ी रिलीज है, जिससे ट्रेड को काफी उम्मीदें हैं। हालांकि, गुरुवार को रिलीज हुई फिल्म की शुरुआत धीमी रही है। आज से सलमान खान की अंतिम- द फाइनल ट्रुथ भी सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है, जिससे सत्यमेव जयते 2 की चुनौतियां बढ़ जाएंगी।
सत्यमेव जयते 2 देशभर में 2500 स्क्रींस पर रिलीज की गयी है। मिलाप जवेरी निर्देशित फिल्म मसाला एंटरटेनर के तौर पर पेश की गयी है, जिसमें फुल डायलॉगबाजी और एक्शन है। जॉन ने पहली बार तीन किरदार निभाये हैं, जिनमें से एक पुलिस ऑफिसर और दूसरा भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहे विजिलांटे का है। तीसरा किरदार इन दोनों के पिता का है। फिल्म में दिव्या खोसला कुमार ने फीमेल लीड रोल निभाया है। फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है।
बॉलीवुड हंगामा वेबसाइट के मुताबिक सत्यमेव जयते 2 ने पहले दिन 3.60 करोड़ का नेट कलेक्शन बॉक्स ऑफिस पर किया। गुरुवार को वर्किंग डे होने की वजह से फिल्म के आंकड़े कम रहे। वीकेंड में फिल्म की कमाई बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।

पहले दिन की कमाई के मामले में सत्यमेव जयते 2 जॉन और मिलाप की पिछली फिल्म सत्यमेव जयते से हल्की रही है, जिसने लगभग 20 करोड़ का कलेक्शन बॉक्स ऑफिस पर किया था। 2018 में आयी फिल्म में जॉन के साथ मनोज बाजपेयी पैरेलल लीड रोल में नजर आये थे।
कोरोना वायरस पैनडेमिक में कई महीने सिनेमाघर बंद रहने के कारण इंडस्ट्री के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी दर्शकों की वापसी। हालांकि, 5 नवम्बर को रिलीज हुई अक्षय कुमार की सूर्यवंशी ने ऐसी तमाम आशंकाओं को खत्म कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि लम्बे लॉकडाउन के बाद दर्शकों की सिनेमाघर जाकर फिल्म देखने की आदत छूट गयी है। सूर्यवंशी ने 26 करोड़ से अधिक की ओपनिंग लेकर साबित कर दिया कि दर्शक सिनेमाघरों से दूर नहीं हैं, बस उन्हें खींचने वाला कंटेंट चाहिए।
सत्यमेव जयते 2 के सामने आज से सलमान खान की फिल्म अंतिम- द फाइल ट्रुथ की चुनौती है। यह फिल्म भी मसाला एंटरटेनर है और सिंगल स्क्रीन थिएटर्स के दर्शक इसे पसंद कर सकते हैं।
Next Story