मनोरंजन

जस्सी गिल: लगातार तीन महीने ऑस्ट्रेलिया में किया कार धोने का काम, इस तरह चमकाया अपना करियर

jantaserishta.com
25 Nov 2025 4:50 PM IST
जस्सी गिल: लगातार तीन महीने ऑस्ट्रेलिया में किया कार धोने का काम, इस तरह चमकाया अपना करियर
x
मुंबई: मनोरंजन की दुनिया में कई कलाकार ऐसे होते हैं, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआत में कठिनाइयों का सामना किया और संघर्ष के रास्ते से होकर सफलता हासिल की। ऐसे ही एक कलाकार हैं पंजाबी गायक और अभिनेता जस्सी गिल। आज जस्सी गिल न केवल पंजाबी इंडस्ट्री में बल्कि बॉलीवुड में भी एक नामी कलाकार बन चुके हैं। उनकी आवाज और एक्टिंग फैंस के दिलों में खास जगह बना चुकी है।
लेकिन, बहुत कम लोग ही जानते होंगे कि जस्सी गिल को अपनी पहली सफलता पाने के लिए ऑस्ट्रेलिया में कार धोने तक का काम करना पड़ा था। यह संघर्ष उनके करियर का एक ऐसा हिस्सा है, जिसने उन्हें मजबूती और हिम्मत दी।
जस्सी गिल का जन्म 26 नवंबर 1988 को पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना शहर में हुआ। उनका असली नाम जसदीप सिंह गिल है। बचपन से ही जस्सी को म्यूजिक का बहुत शौक था। उन्होंने कॉलेज में फिजिकल एजुकेशन और म्यूजिक को प्रैक्टिकल सब्जेक्ट के तौर पर चुना। यही वह समय था जब उन्होंने तय किया कि वह आगे चलकर संगीत को ही पेशा बनाएंगे।
कॉलेज के दिनों में जस्सी अक्सर लोकल यूथ फेस्टिवल में सिंगर के रूप में भाग लेते थे। बेहतरीन प्रतिभा के बावजूद उन्हें कई बार असफलता का भी सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उन्हें पता था कि मेहनत और लगन से ही सफलता मिलती है। यही कारण था कि उन्होंने तीन साल तक संगीत की दुनिया में अपनी पहचान बनाने का भरसक प्रयास किया।
जस्सी गिल का पहला बड़ा ब्रेक 2011 में आया, जब उन्होंने अपना पहला म्यूजिक एल्बम 'बैचमेट' रिलीज किया। इस एल्बम का गाना 'चूड़ियां' लोगों के बीच तुरंत हिट हो गया। इसके बाद उन्होंने 'विग्रे शराबी', 'लांसर', और 'प्यार मेरा' जैसे गाने दिए, जो लोगों ने खूब पसंद किए। लेकिन, इस सफलता तक पहुंचने से पहले का संघर्ष बेहद प्रेरणादायक है।
जस्सी ने एक इंटरव्यू में बताया कि अपने पहले एल्बम के लिए पैसे जुटाने के लिए उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में तीन महीने तक कार धोने का काम किया। यह समय उनके लिए मुश्किल भरा था, क्योंकि उन्होंने बिना छुट्टी के लगातार काम किया था। इससे जितनी भी कमाई हुई, वह अपने एल्बम पर खर्च की। उन्होंने हमेशा कहा कि इंडस्ट्री में उन्होंने जो भी करियर बनाया, वह उन्हीं पैसों और मेहनत से बनाया।
संगीत में सफलता मिलने के बाद जस्सी गिल ने पंजाबी फिल्मों में भी कदम रखा। उन्होंने 'मिस्टर एंड मिसेज 420' से एक्टिंग की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कई पंजाबी फिल्मों में काम किया और अपने अभिनय का जलवा दिखाया। 2018 में उन्होंने फिल्म 'हैप्पी फिर भाग जाएगी' से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद फिल्म 'पंगा' में उन्होंने कंगना रनौत के पति की भूमिका निभाई। 2021 में उन्होंने 'क्या मेरी सोनम गुप्ता बेवफा है' में भी अभिनय किया। साल 2023 में वे सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' में भी नजर आए।
जस्सी गिल के कई गाने सुपरहिट रहे हैं, जैसे 'बापू जमींदार', 'लादेन', 'ओए होए होए', 'निकले करंट', और 'गबरू'। उनके गाने न केवल पंजाब में बल्कि पूरे देश और विदेश में फैंस की प्लेलिस्ट में शामिल हैं। लाइव परफॉर्मेंस और म्यूजिक वीडियो में उनकी एनर्जी और स्टाइल हमेशा लोगों का दिल चुरा लेती है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story