मनोरंजन
'मैं मरने के बाद भी जिंदा रहूंगा', डिजिटल क्लोन देखकर गदगद हुए राम गोपाल वर्मा
jantaserishta.com
24 Nov 2026 11:23 AM IST

x
चेन्नई: एक एआई इंजीनियर ने फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा का डिजिटल क्लोन तैयार किया है, जो न सिर्फ उनकी तरह बात करेगा, बल्कि किसी भी विषय पर पूछे गए सवालों का जवाब भी उनके अंदाज और सोच के मुताबिक देगा। इस डिजिटल क्लोन को देखकर राम गोपाल वर्मा इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने सोशल मीडिया पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब वह मरने के बाद भी जिंदा रहेंगे।
राम गोपाल वर्मा ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डिजिटल क्लोन का लिंक शेयर किया। इसके साथ उन्होंने लिखा, ''मैं मरने के बाद भी जिंदा रहूंगा। यह वाकई कमाल है। एक एआई इंजीनियर ने मेरा एक डिजिटल क्लोन बनाया है, जो किसी भी व्यक्ति के किसी भी विषय पर पूछे गए सवाल का जवाब बिल्कुल मेरे अंदाज और मेरी विचारधारा के मुताबिक देगा। दूसरे शब्दों में कहूं तो मैं मरने के बाद भी जिंदा रहूंगा।''
अपने डिजिटल क्लोन के पहले पेज पर फिल्ममेकर ने इसके बारे में जानकारी देते हुए लिखा, ''यह मेरा डिजिटल क्लोन है, जो मुख्य रूप से रामूइज्म पर आधारित है। फिलहाल, इसके साथ होने वाली बातचीत कुछ समय के लिए ही उपलब्ध रहेगी, ताकि आप इसका अनुभव ले सकें।''
उन्होंने कहा, ''इसके अगले वर्जन में कई नए फीचर्स जोड़े जाएंगे। आने वाले समय में यह डिजिटल क्लोन मेरे दोस्तों को पहचान सकेगा, मेरी पसंद के हिसाब से फिल्मों की कहानियों की समीक्षा कर सकेगा और खुद कहानियां भी लिखेगा। इसके जरिए एआई से बनी लंबी फिल्में भी तैयार की जा सकेंगी।''
उन्होंने लोगों से इसके अगले अपडेट के लिए जुड़े रहने की अपील की। बता दें कि राम गोपाल वर्मा लंबे समय से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते प्रभाव और इसके भविष्य को लेकर अपनी राय रखते रहे हैं। उनका मानना है कि एआई का बदलाव इतनी तेजी से हो रहा है कि विश्वविद्यालयों, मंत्रियों और पुराने शिक्षा बोर्डों के पास खुद को बदलने का समय नहीं होगा। जो इस बदलाव के साथ आगे नहीं बढ़ेंगे, वे पीछे छूट जाएंगे और इसकी सबसे बड़ी कीमत छात्रों को चुकानी पड़ेगी।
पिछले साल भी फिल्ममेकर ने एआई और शिक्षा व्यवस्था पर एक लंबी पोस्ट लिखी थी। उन्होंने लिखा था, ''शिक्षा खत्म हो चुकी है। छात्रों, जागो और शिक्षा की मौत का जश्न मनाओ। एआई का विस्तार तभी सही मायनों में समझा जाएगा, जब सभी लोग यह स्वीकार करेंगे कि हमारी मौजूदा शिक्षा व्यवस्था खत्म हो चुकी है। एक मेडिकल छात्र शरीर के बारे में जानने के लिए पांच साल पढ़ाई करता है, फिर पोस्ट ग्रेजुएशन में दो साल और स्पेशलाइजेशन में दो से तीन साल लगाता है। करीब एक दशक मांसपेशियों, नसों, अंगों, उनके काम करने के तरीकों और मेडिकल प्रक्रियाओं को याद करने में बीत जाता है।''
राम गोपाल वर्मा ने आगे सवाल उठाते हुए लिखा, ''अगर एआई लाखों मेडिकल केस पढ़कर, मरीजों का डेटा समझकर कुछ ही सेकंड में बीमारी का पता लगा सकता है और इलाज भी सुझा सकता है, तो फिर छात्रों को ऐसी चीजें सीखने में दस साल लगाने की क्या जरूरत है, जिसे मशीन कुछ सेकंड में कर सकती है? यह कोई डरावनी कल्पना नहीं, बल्कि आज की हकीकत है।''
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





